अपडेटेड 22 February 2026 at 19:52 IST
देहरादून में तेज रफ्तार BMW ने पुलिस अधिकारी को मारी टक्कर, कई वाहनों को भी चपेट में लिया; हालत गंभीर
Breaking News: देहरादून में रफ्तार का ऐसा कहर देखने को मिला है, जिसने सबको चौंका दिया। वाहन चेकिंग के दौरान लालतप्पड़ पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने हर्रावाला चौकी इंचार्ज को जोरदार टक्कर मार दी।
Breaking News: देहरादून के डोईवाला में लालतप्पड़ पुलिस चौकी के पास रफ्तार और रईसी के नशे में चूर एक BMW कार सवार ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। घटना उस वक्त हुई जब पुलिस टीम नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी तेज रफ्तार कार ने पुलिस कार्रवाई से बचने की कोशिश में बैरिकेडिंग को नजरअंदाज करते हुए हर्रावाला चौकी इंचार्ज को जोरदार टक्कर मार दी।
चौकी इंचार्ज गंभीर रूप से घायल
इस भीषण भिड़ंत में चौकी इंचार्ज गंभीर रूप से घायल हो गए और बेकाबू कार ने रास्ते में आ रहे कई अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कार समेत आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है।
घायल अधिकारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार जारी है, वहीं इस दुस्साहस ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और कानून के प्रति रईसजादों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ओडिशा में ट्रेलर ने 5 पुलिसकर्मियों की ली जान
इससे पहले ओडिशा के झारसुगुड़ा में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां एक सड़क दुर्घटना में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बोलेरो वाहन को टक्कर मार दी, जिसमें पांच पुलिसकर्मी मारे गए और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई।
पुलिस ने बताया कि ये दर्दनाक हादसा झारसुगुड़ा सदर पुलिस स्टेशन के ठीक सामने सुबह के वक्त हुआ, जहां पुलिस वाहन आधिकारिक ड्यूटी पर था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर पुलिस वाहन से टकरा गया। इस आमने-सामने की टक्कर में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही जान चली गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान एपीआर कर्मी काशीराम भोई और देबदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होम गार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रूप में हुई है।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 22 February 2026 at 17:26 IST