अपडेटेड 14 February 2025 at 09:56 IST
Manipur: शिविर में CRPF जवान ने दो साथियों की हत्या करने के बाद खुद भी दी जान
Manipur: मणिपुर के एक शिविर में सीआरपीएफ जवान ने दो साथियों की हत्या करने के बाद खुद भी जान दी।
Manipur: मणिपुर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर गोलीबारी कर अपने दो सहकर्मियों की हत्या कर दी और आठ अन्य को घायल कर दिया। इसके बाद जवान ने खुद को भी गोली मार ली। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि इंफाल वेस्ट जिले के लाम्फेल स्थित सीआरपीएफ कैंप में रात करीब 8.20 बजे यह घटना हुई।
उन्होंने बताया कि आरोपी हवलदार संजय कुमार ने अपनी बंदूक से गोलीबारी की, जिससे एक कांस्टेबल और एक उपनिरीक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कुमार ने खुद को भी गोली मार ली। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी सीआरपीएफ की 120वीं बटालियन से था।
सूत्रों ने बताया कि इस घटना में सीआरपीएफ के आठ जवान घायल हो गए और उन्हें इंफाल के क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (आरआईएमएस) में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मणिपुर पुलिस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में आज रात लगभग आठ बजे इंफाल वेस्ट जिले के लामसांग में सीआरपीएफ के एक शिविर में एक जवान ने कथित तौर पर गोलीबारी की, जिसमें उसके दो साथियों की मौके पर ही मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।”
पोस्ट के मुताबिक, “बाद में उस जवान ने भी अपनी सरकारी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह जवान सीआरपीएफ की एफ-120 बटालियन से था। पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।”
घटना के कारणों की जांच की जा रही है। सीआरपीएफ की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 14 February 2025 at 09:56 IST