बिश्नोई गिरोह को क्या देश के बाहर मौजूद राष्ट्रविरोधी तत्वों से मिलती थी मदद? मुंबई पुलिस का खुलासा

मुंबई पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या लॉरेंस बिश्नोई गिरोह को भारत के बाहर सक्रिय राष्ट्र-विरोधी तत्वों से धन या हथियारों के रूप में मदद मिली थी।

 
Follow :
Lawrence Bishnoi | Image: Twitter

मुंबई पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या लॉरेंस बिश्नोई गिरोह को भारत के बाहर सक्रिय राष्ट्र-विरोधी तत्वों से धन या हथियारों के रूप में मदद मिली थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सलमान खान के आवास के बाहर हुई गोलीबारी मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने ये बाते कही है। 

इस महीने की शुरुआत में यहां बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हुई गोलीबारी मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने सोमवार को आरोपियों - विक्की गुप्ता (24), सागर पाल (21) और अनुज थापन (32) को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें आठ मई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस और उसका छोटा भाई अनमोल इस मामले में वांछित आरोपी हैं। अनमोल के बारे में माना जाता है कि वह अमेरिका या कनाडा में है।

पुलिस के रिमांड आवेदन में कहा गया है कि चूंकि लॉरेंस बिश्नोई का गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है इसलिए पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उसे भारत के बाहर राष्ट्र-विरोधी तत्वों से हथियार या धन की आपूर्ति जैसी कोई मदद मिली है। एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस वर्तमान मामले में कथित शूटर को उपलब्ध कराए गए हथियारों के स्रोत की भी जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: LPG Cylinder Price Update: खुशखबरी! सस्ता हुआ एलपीजी सिलेंडर, जानिए दाम

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 1 May 2024 at 08:46 IST