अपडेटेड 17 March 2025 at 22:37 IST
Nagpur Violence: औरंगजेब विवाद पर नागपुर में भड़की हिंसा, सर्च ऑपरेशन के दौरान दोबारा पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल
Nagpur news : नागपुर में हिंसा के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शांति की अपील की और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा है।
Aurangzeb Row : क्रूर आक्रांता औरंगजेब की कब्र हटाने का विवाद अब विरोध-प्रदर्शन और हिंसा में बदल गया है। महाराष्ट्र के नागपुर में औरंगजेब की कब्र को लेकर बड़ा विवाद हो गया है। महाल इलाके में हिंदू संगठन के लोग औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान औरंगजेब का पुतला फूंका गया और हिंसा शुरू हो गई। आरोप है कि मुस्लिम समुदाय के लोगों की भावनाएं पुतले पर हरा कपड़ा होने की वजह से आहत हो गई। उपद्रवियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए उपद्रवियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोल छोड़कर स्थिति को काबू किया। इसके बाद जैसे ही पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया तो पुलिस टीम पर फिर से पत्थरबाजी की गई। आग बुझाने गए फायर ब्रिगेड के कर्मचारी भी घायल हुए है, उनके ऊपर भी पत्थर बाजी की गई है। महाल इलाके में हिंसा के दौरान एक JCB मशीन को भी आग के हवाले कर दिया गया। दो समूहों के बीच विवाद के बाद यहां तनाव बढ़ गया है। फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि "2 JCB और 2-3 अन्य गाड़ियों में आग लगी है। हमारा एक फायरमैन घायल हुआ है।"
सीएम ने की शांति की अपील
खबर है कि उपद्रवियों ने कई घरों में भी आग लगाई है। नागपुर पुलिस ने पत्थरबाजी कर रहे कई लोगों को हिरासत में लिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से शांति की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर विश्वास न करें। फडणवीस ने यह भी कहा कि वो लगातार पुलिस के संपर्क में हैं और पुलिस से लोगों के साथ सहयोग करने को कहा है।
'गलतफहमी के कारण हुई घटना'
DCP नागपुर अर्चित चांडक ने कहा, "यह घटना कुछ गलतफहमी के कारण हुई। यहां हमारा बल मजबूत है। मैं सभी से अपील करता हूं कि वे बाहर न निकलें या पत्थरबाजी न करें। पत्थरबाजी हो रही थी, इसलिए हमने बल का प्रदर्शन किया और आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया। कुछ वाहनों में आग लगा दी गई, कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। हम सभी से शांति बनाए रखने का आग्रह करते हैं। अफवाहों पर भरोसा न करें और कानून व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।"
महाल इलाके में भारी भीड़ जमा होने के बाद पुलिसकर्मियों ने भीड़ से इलाका खाली करने को कहा है। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए धारा 144 लागू कर दी है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 17 March 2025 at 22:23 IST