कोलकाता रेप-मर्डर केस: हत्याकांड के विरोध में बढ़ता आक्रोश, सड़कों पर उतरे पटना एम्स के मेडिकल छात्र

कोलकाता कांड के विरोध में पटना एम्स के मेडिकल छात्रों ने सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट और आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

 
Follow :
Medical Students of Patna AIIMS Protested | Image: ANI

Kolkata Doctor Rape and Murder: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में देशभर में उबाल है। इस जघन्य कांड के विरोध में आज देशभर के डॉक्टर्स सड़कों पर हैं। इस कड़ी में पटना एम्स के मेडिकल छात्रों ने सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट और आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग करते हुए ओपीडी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

मालूम हो कि इस हत्याकांड के विरोध में देश भर के सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर सोमवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। इस वजह से ओपीडी और गैर-आपातकालीन सर्जरी सहित वैकल्पिक सेवाएं प्रभावित हुईं। इस बीच मरीजों को मुश्किलातों का सामना करना पड़ा। वहीं आज भी देशभर के डॉक्टर्स मामले में न्याय और सीबीआई की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। फोरडा के सोमवार को जारी किए गए एक बयान में कहा गया कि केंद्रीय (स्वास्थ्य) मंत्री की टीम के साथ चर्चा के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ऐसे में यह हड़ताल मंगलवार को भी जारी रहेगी।

हड़ताल पर क्या बोले फोरडा अध्यक्ष?

फोरडा के अध्यक्ष डॉ. अविरल माथुर ने कहा- 'मैंने एसोसिएशन के सदस्यों और डॉक्टरों के साथ सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की टीम से मुलाकात की। क्योंकि उनकी मांगों के संबंध में कोई समाधान नहीं निकला, इसलिए हड़ताल एक और दिन जारी रहेगी।'

अविरल माथुर ने कहा कि रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे, लेकिन आपातकालीन सेवाएं पहले की तरह ही जारी रहेंगी।

मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने दिया इस्तीफा

मालूम हो कि मामले में बढ़ते जनाक्रोश के बीच बीते दिन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल संदीप घोष ने इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने पर संदीप घोष ने कहा कि सोशल मीडिया पर मेरी बदनामी हो रही है। मृतक डॉक्टर मेरी बेटी जैसी थी। एक अभिभावक के तौर पर मैं इस्तीफा दे रहा हूं। मुझे पसंद नहीं कि भविष्य में किसी के साथ ऐसा हो।

ममता बनर्जी ने किया केस CBI को सौंपने का इशारा

इसके बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने देश में उबाल के बीच सोमवार (12 अगस्त) को कहा कि अगर पुलिस रविवार तक इस मामले को नहीं सुलझा पाती है तो सीबीआई को सौंप दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: कोलकाता रेप कांड: महाराष्ट्र में भी OPD रहेंगी बंद, बीएमसी MARD के महासचिव बोले- बस न्याय चाहिए

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 13 August 2024 at 12:22 IST