अपडेटेड 17 August 2024 at 16:51 IST
पश्चिम बंगाल में केंद्र सरकार के हस्तक्षेप की जरूरत: जीतन मांझी
जीतन राम मांझी ने कहा कि ये बेतुका है कि ममता बनर्जी ने खुद जुलूस निकालने का फैसला किया। पूरा प्रशासन उनके नियंत्रण में है। वो किसके खिलाफ प्रदर्शन कर रही थीं।
Jitan Ram Manjhi: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में ‘‘केंद्र सरकार के हस्तक्षेप’’ की जरूरत पर जोर दिया, जहां एक चिकित्सक से बलात्कार और उसकी हत्या के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति सवालों के घेरे में है। मांझी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा और कहा कि इस जघन्य अपराध के विरोध में आयोजित प्रदर्शन पर हमला करने वाले गुंडों पर लगाम लगाने में उनका प्रशासन विफल रहा है।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री मांझी ने कहा, ‘‘यह बेतुका है कि (ममता) बनर्जी ने कल खुद जुलूस निकालने का फैसला किया। पूरा प्रशासन उनके नियंत्रण में है। वह किसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थीं।’’
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता ने मामले में आरोपियों को मौत की सजा देने की मांग करते हुए जुलूस निकाला था। कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद एक सप्ताह पहले यह मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया था। मांझी का मानना है कि ‘‘हाल के घटनाक्रम से यह स्पष्ट हो गया है कि बनर्जी पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने में सक्षम नहीं हैं। राज्य में केंद्र सरकार के हस्तक्षेप की आवश्यकता है ।’’
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख ने इस बारे में और कुछ नहीं कहा। उनका बयान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सबसे बड़े घटक दल और पश्चिम बंगाल में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा की राष्ट्रपति शासन की मांग के अनुरूप है।
Published By : Dalchand Kumar
पब्लिश्ड 17 August 2024 at 16:51 IST