ले डूबा पोते के जाने का गम... केतन अग्रवाल के दादा देवीचंद का निधन, अग्रवाल परिवार में फिर छाया मातम

पुणे के व्यवसायी केतन अग्रवाल की 18 जून 2026 को लोहागढ़ किले से धक्का देकर हत्या कर दी गई। मुख्य आरोपी उसकी मंगेतर सिया गोयल और प्रेमी चेतन चौधरी ने साजिश रची। 4 जुलाई को पोते के गम में केतन के दादा देवीचंद अग्रवाल का अस्पताल में निधन हो गया।

 
Follow :
केतन अग्रवाल के दादा का निधन | Image: Republic

एक युवा जीवन की अकाल विदाई ने पूरे परिवार को गहरे दर्द में डुबो दिया है। पुणे के रियल एस्टेट व्यवसायी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में अब एक और दर्दनाक खबर आई है। केतन के दादा देवीचंद अग्रवाल का पुणे के हॉस्पिटल में निधन हो गया।

परिवार के अनुसार, पोते की मौत का गम वे सहन नहीं कर पाए और स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने शनिवार रात 9:45 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के पास लोहागढ़ किले पर मौत हो गई थी। पुलिस जांच के मुताबिक, यह मामला प्रेम संबंधों और साजिश से जुड़ा है, जिसमें उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी मुख्य आरोप हैं। शुरू में इसे दुर्घटना माना गया था, लेकिन बाद में सबूतों ने इसकी सच्चाई उजागर की। इस घटना ने न केवल परिवार को बल्कि पूरे समाज को झकझोर दिया है।

'मेरे बुढ़ापे का सहारा चला गया'

केतन के दादा अपने इकलौते पोते के निधन से बहुत आहत थे। केतन अग्रवाल के दादा ने सिया गोयल के परिवार पर सच छिपाने का आरोप लगाया था। उन्होंने रोते हुए कहा था कि "मेरे बुढ़ापे का सहारा चला गया।" पोते के साथ उनका गहरा लगाव था।

नवंबर में होनी थी शादी 

केतन और सिया की सगाई फरवरी 2026 में हुई थी। नवंबर में शादी तय थी। 18 जून को सिया के जन्मदिन पर वे लोहागढ़ किले गए। पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन ने केतन को वहां ले जाकर धक्का दिया, ताकि मौत हादसे जैसी लगे।

दोनों ने पहले घटना स्थल पर रिहर्सल किया था। मोबाइल फोन, CCTV, डिजिटल सबूत और क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन से साजिश साबित हुई। सिया ने कथित तौर केतन को धक्का देने के लिए चेतन को सिग्नल दिया था। इस मामले में पुलिस ने सिया और चेतन दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। 

ये भी पढ़ें: प्यार ने तोड़ी सामाजिक दीवार, एमपी के युवक ने राजस्थान की किन्नर से की शादी, हिंदू रीति से मंदिर में लिए सात फेरे

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 4 July 2026 at 22:35 IST