'मोदी जी, केतन की हत्या को सिर्फ एक केस फाइल न बनने दें', केतन अग्रवाल की मां ने PM को लिखी भावुक चिट्ठी, लगाई न्याय की गुहार

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के बाद उनकी मां राखी अग्रवाल ने पीएम मोदी को एक भावुक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने बेटे और सदमे में दम तोड़ने वाले दादा का जिक्र करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पीएम से अपील की है कि केतन के मामले को सिर्फ एक और केस फाइल न बनने दें।

 
Follow :
केतन अग्रवाल की मां की PM मोदी को भावुक चिट्ठी | Image: X

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत के सदमे से उनका परिवार उभर नहीं पा रहा है। उनके माता-पिता लगातार अपने बेटे के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं। अपने इकलौते सहारे को खोने से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। अब केतन की मां राखी अग्रवाल ने पीएम मोदी को एक भावुक पत्र लिखकर अपने जवान बेटे की मौत के लिए इंसाफ की गुहार लगाई है।

पीएम मोदी को लिखे गए इस लेटर में केतन की मां ने कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे अपने ही बेटे के लिए न्याय मांगते हुए आपको लिखना पड़ेगा। हर मां की तरह, मैंने भी सपना देखा था कि केतन एक सुंदर जिंदगी बनाएगा, शादी करेगा और हमारे साथ बुढ़ापा बिताएगा। इसके बजाय, मुझे अपने बच्चे का अंतिम संस्कार करना पड़ा। एक मां के लिए इससे बड़ा दर्द और कोई नहीं हो सकता।"

‘घर का हर कोना मुझे उसकी याद दिलाता है’

उन्होंने भावुक होते हुए लिखा कि मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई और उसके साथ ही मेरी पूरी दुनिया चली गई। हमारे घर का हर कोना मुझे उसकी याद दिलाता है। उसका कमरा, उसके कपड़े, उसकी तस्वीरें और उसकी हंसी की जगह ले चुकी खामोशी मुझे हर दिन याद दिलाती है कि वह कभी वापस नहीं आएगा।

केतन की मां ने कहा कि किस तरह से उनके परिवार को एक और सदमा तब लगा जब सिर्फ 20 दिन बाद केतन के दादा देवीचंद्र अग्रवाल का भी निधन हो गया। उन्होंने कहा कि वह केतन से बहुत प्यार करते थे और अपने पोते को खोने का गम बर्दाश्त नहीं कर पाए। कुछ ही दिनों में हमारे परिवार ने दो पीढ़ियां खो दीं।

July 14, 2026

बस इतना चाहती हूं कि मेरे बेटे को इंसाफ मिले- केतन की मां

राखी अग्रवाल ने हाथ जोड़ते हुए अपील करते हुए कहा कि मोदी जी, मैं सिर्फ एक मां हूं। मैं सहानुभूति या कोई विशेष रियायत नहीं मांग रही हूं। मैं सिर्फ न्याय मांग रही हूं। न्याय के बिना बीतने वाला हर दिन हमारे दर्द को और गहरा करता है। केतन वापस नहीं आ सकता, लेकिन उसकी जान लेने वालों को कानून के तहत सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। बस इतना चाहती हूं कि मेरे बेटे को इंसाफ मिले। आपसे विनम्र निवेदन करती हूं कि कृपया यह सुनिश्चित करें कि मेरे बेटे के मामले पर उचित ध्यान दिया जाए और बिना किसी अनावश्यक देरी के न्याय मिले। केतन को सिर्फ एक और केस फाइल न बनने दें। वह किसी का बेटा, किसी का पोता, किसी का भाई था, लेकिन मेरे लिए, वह मेरी पूरी दुनिया था।

केतन की मां ने पत्र के कहा कि हर रात मैं उसकी तस्वीर को देखती हूं और कहती हूं, बेटा, मां अभी भी तेरे लिए लड़ रही है। मैं बस यही प्रार्थना करती हूं कि एक दिन मैं उससे कह सकूं, बेटा... तुझे इंसाफ मिल गया। मुझे पूरी उम्मीद है कि आप एक दुखी मां की आवाज सुनेंगे।

केतन की मां का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वो अपने बेटे की फोटो को हाथ में लिए प्यार से सहला रही हैं। इस दौरान वे रोते हुए कह रही हैं कि केतन तुम्हारी शादी करनी थी, पूरी तैयारी कर ली थी। उसकी क्या गलती थी, मेरे बेटे को क्यों मारा?

18 जून को हुई थी केतन की हत्या

केतन अग्रवाल की मौत को एक महीने होने वाला है। 18 जून को मंगेतर सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी संग मिलकर केतन को लोहागढ़ किले पर ले जाकर 400 फीट गहरे गड्ढे में धक्का दे दिया था। सिया और केतन की शादी होने वाली थी। दोनों की फरवरी में सगाई हो चुकी थी, लेकिन वो इस शादी के लिए तैयार नहीं थी। उसने अपने परिवार को शादी से 'न' कहने की जगह केतन को मारना बेहतर समझा। अपने जन्मदिन से एक दिन पहले केतन को लेकर सिया लोहागढ़ किले पर पहुंची और यहां दोनों ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल चेतन और सिया न्यायिक हिरासत में यरवडा सेंट्रल जेल में बंद हैं। 

यह भी पढ़ें: 'बीमारू UP नहीं था, बीमारू वो मानसिकता थी जो 2017 से पहले शासन कर रही थी', यूपी की उपलब्‍धियों को गिनाते हुए CM योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 14 July 2026 at 12:49 IST