VIRAL VIDEO: पेड़ उखड़े, टैंकर बहा और महिला दबी... केरल के वायनाड में दिल दहलाने वाला लैंडस्लाइड देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे, तीन की मौत

केरल के वायनाड जिले के मेप्पडी ग्राम पंचायत में मंगलवार, 07 जुलाई को कल्लडी सुरंग निर्माण स्थल पर हुए लैंडस्लाइड में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस लैंडस्लाइड का भयानक वीडियो खूब वायरल हो रहा है।

 
Follow :
केरल के वायनाड में दिल दहलाने वाला लैंडस्लाइड देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे | Image: Republic

मंगलवार, 07 जुलाई को केरल के वायनाड कल्लाडी इलाके में भीषण बारिश के बाद एक भीषण भूस्खलन में कम से कम तीन व्यक्ति की मौत हो गई और करीब नौ लोग घायल हो गए। इस लैंडस्लाइड में फिलहाल सात अन्य लापता बताए जा रहे हैं। 

जिला प्रशासन के अनुसार, कल्लडी-अनक्कम्पॉयिल सुरंग निर्माण स्थल पर मीनाक्षी पुल के पास हुए भूस्खलन में 18 लोग फंस गए, जिससे मेप्पडी-चूरलमाला सड़क पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। इनमें से नौ घायल लोगों को इलाज के लिए मेप्पडी WIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि शेष सात लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए खोज अभियान जारी है।

बचाव अभियान में शामिल अधिकारियों ने बताया कि यह भूस्खलन कल्लडी में मीनाक्षी पुल के पास हुआ, जो मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ने के उद्देश्य से चल रही एक सुरंग सड़क परियोजना का स्थल है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?

समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए भूस्खलन में बचे एक व्यक्ति, आशिक ने घटना का विवरण देते हुए कहा कि भूस्खलन अचानक हुआ था। उन्होंने कहा ‘वहां जमा की गई मिट्टी का पूरा ढेर अचानक ढह गया और नीचे गिर गया। यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुई।’

एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया 'पहले हमें एक हल्की सी आवाज सुनाई दी और सब लोग तुरंत दुकान से बाहर भाग गए। पहले तो हमने मिट्टी का एक छोटा सा हिस्सा खिसकते हुए देखा। जब लोगों को भागने के लिए कह रहे थे, तभी पुल के दूसरी तरफ एक टैंकर लॉरी भूस्खलन की चपेट में आकर हमारी ओर बह गई। मुझे लगता है कि लगभग 10-15 लोग दब गए।'

July 7, 2026

तीन लोगों की मौत, सात लापता

केरल की सांसद जेबी माथेर ने इस भयानक लैंडस्लाइड के बाद समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि 'इस भीषण हादसे में तीन लोगों की जान चली गई है और लगभग नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस घटना में लगभग सात लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

बचाव अभियान युद्ध स्तर पर

इस भयानक लैंडस्लाइड के बाद केरल सरकार, सभी सरकारी विभाग, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन बचाव और राहत कार्यों में पूरी तरह से लगे हुए हैं। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि वायनाड भूस्खलन के बाद की स्थिति केरल सरकार के नियंत्रण में है और उन्होंने आश्वासन दिया कि अनुरोध किए जाने पर केंद्र अतिरिक्त कर्मियों और तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने आपातकालीन बैठक की

वायनाड में हुए भूस्खलन के मद्देनजर, केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशान ने आपातकालीन बैठक बुलाई और सभी बचाव कार्यों के प्रभावी समन्वय का आदेश दिया। इसके अलावा, राजस्व मंत्री एपी अनिल कुमार और कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी को तत्काल वायनाड जाने का निर्देश दिया गया है।

सतीशान ने कहा कि वायनाड सुरंग निर्माण स्थल पर हुआ यह हादसा एक "दुर्भाग्यपूर्ण आपदा" था और आरोप लगाया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की चेतावनियों के बावजूद ठेकेदारों ने खोदी गई मिट्टी को हटाने के लिए अधिकारियों के बार-बार दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया।

ये भी पढ़ें: भारत के 140 करोड़ और इंडोनेशिया के 29 करोड़ लोग साझा प्रयास से आगे बढ़ेंगे तो दुनिया नया इतिहास देखेगी, अहम पड़ाव पर दोनों देश की दोस्ती- PM मोदी

 

Published By : Sahitya Maurya

पब्लिश्ड 7 July 2026 at 18:23 IST