'जहां भी जाती हूं, लोग पीछा करते हैं...', महाकुंभ की 'वायरल गर्ल' मोनालिसा को फिर मिली पुलिस सुरक्षा, हाईकोर्ट ने दिए ये आदेश
मोनालिसा को केरल हाईकोर्ट ने पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया है। अदालत ने निर्देश दिया कि 20 जुलाई को सुनवाई की अगली तारीख तक उसे पुलिस सुरक्षा दी जाए।
- भारत
- 2 min read
Monalisa: महाकुंभ मेले से रातों-रात सोशल मीडिया सेंसेशन बनीं मोनालिसा को केरल हाईकोर्ट ने पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने का निर्देश दिया है। मोनालिसा ने अदालत में याचिका दायर कर गंभीर आरोप लगाए हैं कि विभिन्न समूहों के कुछ लोग लगातार उनका पीछा कर रहे हैं। वह जहां भी जाती हैं, उनकी लोकेशन और पल-पल की जानकारी फैला दी जाती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के आदेश दिए हैं।
हाईकोर्ट ने 10 जुलाई को मोनालिसा को पुलिस सुरक्षा देने वाले अपने पुराने आदेश को रद्द कर दिया था। अदालत का यह फैसला पुलिस की उस रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें बताया गया था कि उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है। हालांकि, अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में मोनालिसा जब भी सुरक्षा की मांग करते हुए संपर्क करेंगी, उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।
हाईकोर्ट ने दिए निर्देश
मोनालिसा के वकील पी. एस. अनीशाद ने बताया कि अदालत ने इस मामले में पलारीवट्टोम थाने के थाना प्रभारी को पक्षकार बनाया। साथ ही निर्देश दिया कि 20 जुलाई को सुनवाई की अगली तारीख तक उसे पुलिस सुरक्षा दी जाए।
मोनालिसा के पिता ने पुलिस में की शिकायत
वहीं मोनालिसा के पिता की शिकायत पर मध्य प्रदेश पुलिस ने मामला दर्ज किया है, जिसमें फरमान खान (मोनालिसा के पति) पर उसे अगवा करने का आरोप है। पिता ने दावा किया है कि उनकी बेटी नाबालिग है।
महाकुंभ मेले से चर्चा में आई थीं मोनालिसा
बता दें कि इंदौर की मोनालिसा प्रयागराज महाकुंभ मेले के दौरान अपनी कजरारी आंखों और मासूमियत की वजह से अचानक सोशल मीडिया पर छा गई थीं और देखते ही देखते वायरल गर्ल बन गईं। बाद में उन्होंने परिवार के खिलाफ जाकर फरमान खान से शादी कर ली। केरल में हुई इस शादी में माकपा नेता मौजूद रहे थे।
हालांकि, बाद में मोनालिसा के परिवार ने दावा किया कि उनकी बेटी नाबालिग है। बाद में मध्य प्रदेश पुलिस ने फरमान के खिलाफ मामला दर्द किया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 July 2026 at 10:16 IST