महिला विधायक जोड़ती रही हाथ, कांग्रेस नेता करते रहे जबरन गले लगाने की कोशिश; अब जमकर हो रही किरकिरी- VIDEO
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कांग्रेस नेता जबरन महिला विधायक को गले लगाने की कोशिश करते हैं। इस दौरान वह उनसे बचती नजर आती हैं।
Congress MLA Viral Video: केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय से एक कांग्रेस नेता चेरियन फिलिप का 'शर्मनाक' वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यहां कांग्रेस नेता ने महिला विधायक बिंदू कृष्णा की अनुमति के बिना उन्हें जबरन गले लगाने की कोशिश की। उनके इस व्यवहार से बिंदू कृष्णा असहज होती दिखीं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस नेता की कड़ी आलोचना हो रही है।
दरअसल, केरल विधानसभा चुनाव 206 में कांग्रेस-नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को जीत मिली है। बिंदू कृष्णा ने कोल्लम से जीत दर्ज की है। ऐसे में इस जीत का जोरो-शोरों से जश्न मनाया जा रहा था। इसमें शामिल होने के लिए बिंदू कृष्णा भी पहुंचीं। तभी चेरियन फिलिप उन्हें जबरन गले लगाते दिखाई दिए।
कांग्रेस नेता ने की जबरन गले लगाने की कोशिश
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि बिंदू कृष्णा सभी से हाथ मिलाकर अभिवादन कर रही हैं। इस बीच, चेरियन फिलिप भी उन्हें जीत की बधाई देने आते हैं। वो बिंदू कृष्णा के नजदीक आते ही उन्हें गले लगाने की कोशिश करते हैं। जबकि बिंदू कृष्णा हाथ जोड़ती दिखाई देती हैं, इसके बावजूद वह नहीं रुकते। चेरियन फिलिप की इस हरकत से बिंदू कृष्णा के चेहरे पर असहजता साफ झलकी। हालांकि, वह नजरअंदाज कर आगे बढ़ गईं।
वीडियो देख यूजर्स का फूटा गुस्सा
अब सोशल मीडिया पर यह वीडियो धड़ल्ले से आग की तरह फैल रहा है। चेरियन फिलिप की हरकत पर यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने कांग्रेस नेता को महिलाओं का सम्मान करने की नसीहत तक दे डाली है।
'वो बच रही, फिर भी जोर-जबरदस्ती कर रहा...'
एक यूजर ने लिखा, 'वह उनसे बच रही है और वह फिर भी उस पर जोर-जबरदस्ती कर रहा है। कितना घटिया और बदतमीज है! अगर उन्हें सच में महिलाओं की सुरक्षा की परवाह है, तो उसे पार्टी से बाहर निकाल देना चाहिए।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'जब ये महिला विधायक के साथ इस तरह की हरकत कर सकते हैं तो सामान्य महिला के साथ क्या-क्या कर सकते हैं, कल्पना कीजिए।' एक अन्य ने लिखा, 'कितनी शर्म की बात है कि एक समाज के तौर पर हमने कभी शिष्टाचार सिखाया ही नहीं!'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 8 May 2026 at 11:16 IST