केजरीवाल भ्रष्टाचार के प्रतीक, लोगों ने दिखाया कि वे झूठ की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेंगे: फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर खुशी जताई।
- भारत
- 2 min read
Maharashtra: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की जीत पर खुशी जताई और कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के लोगों ने दिखा दिया कि वे ‘‘झूठ की राजनीति’’ अब और बर्दाश्त नहीं करेंगे।
फडणवीस ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को ‘‘भ्रष्टाचार का प्रतीक’’ करार दिया। फडणवीस ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि 27 साल के अंतराल के बाद भाजपा को दिल्ली में फिर से जनादेश मिला है। दिल्ली की जनता ने यह साबित कर दिया है कि वे झूठ की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृष्टि पर भरोसा जताते हुये भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान किया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के प्रतीक हैं, इसलिए दिल्ली की जनता ने मोदीजी का समर्थन करने का निर्णय किया। दिल्ली में रहने वाले मराठी लोगों ने भी मोदीजी के पक्ष में मतदान किया है।’’
उन्होंने विश्वास जताया कि ‘‘एक हैं, तो सेफ हैं’’ का नारा भविष्य में पूरे देश में काम करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह पहले महाराष्ट्र और हरियाणा में तथा अब दिल्ली में देखा जा चुका है और यह आगे भी काम करता रहेगा।’’
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 8 February 2025 at 21:41 IST