Karnataka News : विधान पार्षद सूरज रेवन्ना से जबरन वसूली के आरोप में 2 लोगों पर केस दर्ज

सूरज रेवन्ना के खिलाफ यौन उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज करने की धमकी देकर कथित तौर पर रुपये ऐंठने की कोशिश करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

 
Follow :
Suraj Revanna | Image: ANI

जनता दल (सेक्युलर) के एक कार्यकर्ता और उसके रिश्तेदार पर पार्टी के विधान पार्षद सूरज रेवन्ना के खिलाफ यौन उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज करने की धमकी देकर कथित तौर पर रुपये ऐंठने की कोशिश करने को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

सूरज रेवन्ना के करीबी सहयोगी शिवकुमार ने शुक्रवार को इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी, जिसके आधार पर चेतन के.एस. और उसके रिश्तेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। चेतन ने भी शुक्रवार को पुलिस को शिकायत दी, जिसमें उसने सूरज रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया।

सूरज रेवन्ना होलेनरसीपुरा के विधायक एच.डी. रेवन्ना के बेटे और हासन से पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के बड़े भाई हैं। प्रज्वल रेवन्ना कई महिलाओं का कथित यौन उत्पीड़न करने के आरोप में पुलिस हिरासत में है। अपनी शिकायत में शिवकुमार ने आरोप लगाया कि चेतन ने पहले उनसे दोस्ती की और ‘सूरज रेवन्ना ब्रिगेड’ के लिए काम करने लगा। 

हाल में, चेतन ने पारिवारिक खर्चों के लिए रुपये मांगे तो शिवकुमार ने इनकार कर दिया, जिसके बाद आरोपी ने सूरज रेवन्ना पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दायर करने की धमकी दी। शिवकुमार ने दावा किया कि चेतन ने पांच करोड़ रुपये मांगे जिसे बाद में घटाकर दो करोड़ रुपये कर दिया।

शिकायत के आधार पर, पुलिस ने चेतन और उसके रिश्तेदार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 384 (जबरन वसूली), 506 (आपराधिक धमकी) और 34 (साजिश में अन्य लोगों की संलिप्तता) के तहत मामला दर्ज किया है। 

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 22 June 2024 at 09:50 IST