अपडेटेड 26 February 2025 at 14:00 IST
Karnataka: मंगलुरु में बैंक डकैती मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक के मंगलुरु में पिछले महीने कोटेकर में दिनदहाड़े हुई बैंक डकैती के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया।
कर्नाटक के मंगलुरु में पिछले महीने कोटेकर में दिनदहाड़े हुई बैंक डकैती के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले ही चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और उनसे डकैती में लूटे गए सोने के आभूषण और नकद राशि बरामद की जा चुकी है।
पुलिस ने 17 जनवरी को उल्लाल पुलिस थाना क्षेत्र में के.सी. रोड स्थित कोटेकर व्यवसाय सेवा सहकारी संघ (नि.) में हुई डकैती की घटना को सुलझाते हुए घटना में शामिल स्थानीय व्यक्ति मोहम्मद नजीर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी भास्कर बेलचापाड़ा उर्फ शशि तेवर (69) को दो दिन पहले बेंगलुरु रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया था।
उन्होंने बताया कि..
उन्होंने बताया कि कन्याना हाउस, बंटवाल तालुक निवासी भास्कर बेलचापाड़ा ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि वह सात साल से स्थानीय निवासी मोहम्मद नजीर के संपर्क में था। भास्कर बेलचापाड़ा ने बताया कि उसने कोटेकर व्यवसाय सेवा सहकारी संघ (नि.) में डकैती डालने के इरादे से लगभग छह महीने पहले अन्य आरोपियों के साथ मिलकर इसकी साजिश रची थी और फिर डकैती की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस ने बताया कि तकनीकी सूचनाओं के विश्लेषण के आधार पर उल्लाल तालुक के के.सी. रोड, तलापाडी निवासी नजीर को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि नजीर और भास्कर बेलचापाड़ा ने मिलकर डकैती की साजिश रची थी और नजीर ने ही कोटेकर व्यवसाय सेवा सहकारी संघ (नि.) की इमारत, वहां काम करने वाले कर्मचारियों और डकैती के बाद वहां से भागने के रास्ते सहित अन्य जानकारी डकैतों को दी थी।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी भास्कर बेलचापाड़ा लगभग 25 वर्षों से अपने पैतृक स्थान दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल तालुक के कन्याना को छोड़कर मुंबई में रह रहा था। उसके खिलाफ दिल्ली, महाराष्ट्र और कर्नाटक के विभिन्न थानों में डकैती, लूट और शस्त्र अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Garima Garg
पब्लिश्ड 26 February 2025 at 14:00 IST