UP: 16 मिनट, 16 रुपए में सूट... कानपुर में गजब का ऑफर सुनते ही उमड़ पड़ी भीड़; पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज; जानिए पूरा मामला

कानपुर के अनवरगंज क्षेत्र के आलम मार्केट में 'आलमस मार्ट' के संचालक रईस आलम ने अपने जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया और कुछ स्थानीय इनफ्लुएंसरों के माध्यम से एक विशेष सेल का प्रचार किया था।

 
Follow :
UP: 16 मिनट, 16 रुपए में सूट... कानपुर में गजब का ऑफर सुनते ही उमड़ पड़ी भीड़; पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज; जानिए पूरा मामला | Image: Video Grab

गौरव त्रिवेदी की रिपोर्ट

कानपुर के अनवरगंज क्षेत्र के आलम मार्केट में 'आलमस मार्ट' के संचालक रईस आलम ने अपने जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया और कुछ स्थानीय इनफ्लुएंसरों के माध्यम से एक विशेष सेल का प्रचार किया था। इसके तहत मात्र '16 मिनट में 16 रुपए में सूट'  का दावा किया गया था। इस लुभावने ऑफर के चलते मुस्लिम बहुल इस व्यस्त बाजार में देखते ही देखते बड़ी संख्या में और खरीदारों की भारी भीड़ जमा हो गई।

पुलिस के अनुसार, देर रात्रि सूचना मिली थी कि आलम मार्केट में काफी संख्या में लोग एकत्रित हैं। सूचना मिलते ही थाना अनवरगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचने के बाद जानकारी हुई कि आलम मार्ट के संचालक की ओर से सोशल मीडिया पर ‘16 मिनट में 16 रुपये का सामान’ देने की सेल का प्रचार किया गया था। पुलिसकर्मियों ने पहले लोगों को समझाकर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

बेकाबू भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने की लाठी चार्ज

हालांकि, भीड़ लगातार बढ़ती रही और स्थिति पुलिस के नियंत्रण से बाहर होती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद बाजार में जमा भीड़ को हटाया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की स्थिति कैसे बनी और 16 रुपए की सेल को लेकर किस तरह प्रचार किया गया था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और सेल के आयोजन तथा उससे जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

मार्ट के संचालकों पर FIR हुई दर्ज

अनवरगंज स्थित 'आलम मार्ट' के संचालक रईस आलम के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर प्रचार किया गया था कि रात 11:59 बजे से 16 मिनट के लिए दुकान का कोई भी सामान मात्र ₹16 में मिलेगा। इस ऑफर के चलते मौके पर 3,000 से 4,000 लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और शांति व्यवस्था भंग हो गई।

भीड़ अनियंत्रित होने पर दुकान संचालकों द्वारा लोगों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर भीड़ को हटाया और शांति व्यवस्था भंग करने व जान जोखिम में डालने के आरोप में संचालक मो० आलम, रईस आलम, सलमान आलम व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इसे भी पढ़ें- UP: बहन की शादी के लिए भाई बना चोर, पड़ोसी के घर से उड़ा दिए 15 लाख रुपए के जेवर और नगदी, तीन दिन के अंदर कानपुर पुलिस ने ऐसे किया गिरफ्तार
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 16 August 2026 at 12:45 IST