EPFO On WhatsApp: आपके PF अकाउंट में कितने पैसे हैं? सिर्फ एक क्लिक पर मिलेगी जानकारी, जानिए पूरा प्रोसेस
अब आप अपने मोबाइल पर कुछ ही सेकंड में पीएफ (PF) खाते का बैलेंस और पूरी जानकारी आसानी से देख सकते हैं। इसके लिए आपको बस अपने पीएफ खाते से जुड़े रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 'Hi' भेजना होगा। संदेश भेजते ही आपके सामने खाते का पूरा ब्योरा आ जाएगा और आप तुरंत जान पाएंगे कि आपके पीएफ अकाउंट में कितने पैसे जमा हैं।
- भारत
- 3 min read
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की नई व्हाट्सएप सुविधा को सदस्यों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। पहले पीएफ बैलेंस जांचने में काफी भागदौड़ और परेशानी होती थी, लेकिन अब आप चंद सेकंड में अपने मोबाइल पर पीएफ खाते का पूरा ब्योरा देख सकते हैं। इसके लिए बस आपको पीएफ खाते से जुड़े रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 'Hi' भेजना होगा। इसके बाद कुल पीएफ राशि, नियोक्ता का योगदान, आपका मासिक अंशदान, पेंशन फंड में जमा कुल रकम और हर महीने पेंशन के लिए कटने वाली राशि की जानकारी तुरंत सामने आ जाती है।
शुरुआती दिनों में ही रचा इतिहास
यह तरीका इतना सरल है कि महज 25 दिनों के भीतर 1.28 करोड़ सदस्यों ने व्हाट्सएप पर 'Hi' भेजकर अपना पीएफ बैलेंस जांचा। 1 नवंबर 2026 को ईपीएफओ के 74वें स्थापना दिवस पर शुरू हुई इस सेवा ने कम समय में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। शुरुआती 14 दिनों में ही 1 करोड़ से अधिक लोगों ने इस माध्यम से अपनी पीएफ राशि देखी। इससे पहले सदस्यों को बैलेंस देखने या पासबुक डाउनलोड करने के लिए उमंग ऐप पर लॉग-इन करना पड़ता था, जहां पासवर्ड भूलने, सर्वर धीमा चलने या तकनीकी दिक्कतों से परेशानी होती थी। इसी समस्या के समाधान के लिए ईपीएफओ ने व्हाट्सएप पर यह सेवा शुरू की है।
क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
इस कदम का उद्देश्य 8 करोड़ से ज्यादा सदस्यों को खाते की ताजा जानकारी आसानी से देना है। यदि आपने अभी तक इसे आजमाया नहीं है, तो ईपीएफओ के सत्यापित व्हाट्सएप नंबर +91 8796441800 के जरिए नीचे दी गई सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं:
कुल पीएफ बैलेंस, कर्मचारी और नियोक्ता के हिस्से, पेंशन अंशदान और ब्याज जमा होने की आखिरी तारीख की सटीक जानकारी मिलती है। साथ ही मासिक अंशदान, ब्याज क्रेडिट या निकासी से जुड़े अंतिम 5 लेनदेन भी तुरंत देखे जा सकते हैं।
ईपीएफ पासबुक पासवर्ड-सुरक्षित PDF के रूप में चैट पर ही डाउनलोड की जा सकती है, जिसका पासवर्ड जन्मतिथि (DDMMYY प्रारूप में) होता है। इसके अलावा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) की औपचारिकताओं और प्रमाणीकरण से जुड़ी जानकारी भी यहां उपलब्ध है।
व्हाट्सएप से पीएफ चेक करने की प्रक्रिया
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए मोबाइल नंबर का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से पंजीकृत होना जरूरी है।
फोन में ईपीएफओ का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर +91 8796441800 सेव करें।
रजिस्टर्ड नंबर से इस चैट पर 'Hi' लिखकर भेजें।
भाषा चुनें और मेनू से Check Balance, Last 5 Transactions या Download Passbook जैसे विकल्प पर जाएं।
रजिस्टर्ड नंबर पर आए OTP को चैट में दर्ज करें।
सत्यापन के बाद मेंबर आईडी चुनते ही जरूरी जानकारी स्क्रीन पर दिख जाएगी।
सुरक्षा को लेकर जरूरी सावधानी
ईपीएफओ ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह सुविधा केवल खाते की जानकारी देखने और पासबुक डाउनलोड करने तक सीमित है। सदस्यों को सलाह दी गई है कि वे केवल सत्यापित नंबर (+91 8796441800) का ही इस्तेमाल करें और किसी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध लिंक पर पासवर्ड, बैंक विवरण या OTP साझा न करें।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 26 November 2026 at 16:30 IST