'सच की हुंकार के आगे झूठ की गूंज नहीं टिकेगी...' SRCC से PM मोदी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, ‘माई-बाप’ कल्चर का किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली में श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के लिए ऐतिहासिक है।
- भारत
- 3 min read
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई दिल्ली में श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के लिए ऐतिहासिक है। मैं आप सभी को SRCC के इस समारोह के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। जब कोई संस्थान 100 वर्ष का होता है तो वह उपलब्धियों और प्रेरणाओं का महासागर हो जाता है।
100 वर्ष की इस यात्रा में SRCC ने पीढ़ियों को उज्जवल भविष्य से जोड़ा है। इसकी यात्रा दरियागंज के एक छोटे से स्थान से शुरू हुई थी और अब यह एक विशाल वृक्ष बन चुका है जिसने कई पीढ़ियों को छाव दी है। SRCC के लोगों ने हर क्षेत्र में धूम मचायी है। धुरंधर नहीं हो, लेकिन धूम तो मचाई है। SRCC में संबोधन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर हमला किया।
उन्होंने कहा कि उन लोगों के बारे में सोचिए जो करोड़ों लोगों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने की कोशिशों का भी विरोध कर रहे थे। असल में, ऐसे लोगों को ग्लास आधा भरा हुआ देखने में मजा आता है, ताकि देश के आम गरीब लोग उन पर निर्भर रहें। यही ‘माई-बाप’ कल्चर है, जो वे दशकों से चला रहे हैं।
'सच की हुंकार के आगे, झूठ की गूंज टिक नहीं सकेगी'
पीएम मोदी ने कहा, पुरानी कहावत है, सांच को आंच नहीं। मुझमें हिम्मत है, इसीलिए मैं उस दिन कही बातों को याद करा रहा हूं, अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर आया हूं आपके पास। मैं जानता हूं, सच की हुंकार के आगे, झूठ की गूंज टिक नहीं सकेगी। उन्होंने कहा, 2013 के उसी कार्यक्रम में जब मैंने कहा कि हमें मेड इन इंडिया पर काम करना है, तो पुराने उस समय के इकोसिस्टम के लोगों को ये समझ ही नहीं आया था। उनको लगता था, कि निराशा के उस दौर में मेड इन इंडिया संभव ही नहीं होगा! और उस सोच में पले-बड़े लोग आज भी, मेड इन इंडिया का मजाक करते हैं।
'मेड इन इंडिया स्मार्टफोन, दुनिया के कोने-कोने में पहुंच रहा'
आज आप मेक इन इंडिया की ब्रैंड वैल्यू देख रहे हैं। आपसे मैं एक उदाहरण के साथ बात बताना चाहता हूं। आज हर हाथ में स्मार्टफोन है, दुनिया के बड़े से बड़े फोन ब्रैंड, आज भारत को अपना बेस बना रहे हैं। मेड इन इंडिया स्मार्टफोन, दुनिया के कोने-कोने में पहुंच रहा है। 2014 में भारत अपने ज्यादातर मोबाइल फोन इंपोर्ट करता था। आज भारत ढाई लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के मोबाइल एक्सपोर्ट करता है।
उन्होंने कहा, मैं छोटे और आसान लक्ष्य लेकर चलने वाला व्यक्ति नहीं हूं। मैं देश के लिए बड़े लक्ष्य रखता हूं, और उन्हें पूरा करने के लिए जी-जान लगा देता हूं। आप डिफेंस का सेक्टर देखिए, पहले भारत की सेनाओं के लिए ज्यादातर चीज़ें बाहर से खरीदी जाती थीं। मैंने आते ही डिफेंस वालों को बोला नेगेटिव लिस्ट बनाईये। पहले उन्होंने 500 नेगेटिव लिस्ट बनाई, बोले ये हम बाहर से नहीं लाएंगे। फिर हजार बनाई, फिर तीन हजार बनाई।
आर्मी, नेवी, एयरफोर्स को, कई बार छोटे से किसी इक्विप्मेंट के लिए भी महीनों इंतजार करना पड़ता था। हमने देश की सेनाओं के साथ मिलकर एक प्लान बनाया, चीज़ों की लिस्ट बनाई, फिर भारतीय कंपनियों को कहा कि ये सब बनाओ, और आज आप देखिए, देश की डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, अपने ऑल टाइम हाई पर है। आज भारत करीब-करीब 2 लाख करोड़ रुपये का डिफेंस प्रोडक्शन कर रहा है। 2013-14 में, हम 600-700 करोड़ रुपये का डिफेंस एक्सपोर्ट करते थे। आज ये आंकड़ा, करीब-करीब 40 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। और ये अचीवमेंट्स इसलिए हो पा रहे हैं, क्योंकि आज देश में एक वाइब्रेंट डिफेंस मैन्युफेक्चरिंग इकोसिस्टम बन रहा है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 5 September 2026 at 22:16 IST