झारखंड के रामगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप को कोयला लदे ट्रक ने मारी टक्कर; 7 लोगों की मौके पर मौत

झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार की देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई।

 
Follow :
झारखंड के रामगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप को कोयला लदे ट्रक ने मारी टक्कर; 7 लोगों की मौके पर मौत | Image: X

झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार की देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। जानकारी के अनुसार, पिकअप सवारी वाहन में सवार ताशा पार्टी के सदस्य गोला से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।

दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर कई किमी तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी। सूचना मिलने पर रजरप्पा, रामगढ़ और गोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग किया जाम

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से सात की मौत हो चुकी थी। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया है।

इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है, जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन लोगों को शांत कराने का प्रयास कर रहा है।

एक दिन पहले भी हुआ था हादसा, 2 लोगों की हुई थी मौत

बताया जाता है कि एक दिन पहले बुधवार को रामगढ़ बोकारो मार्ग के बारलोंग में ही एक अन्य भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी जबकि कुछ अन्य घायल हो गए थे। यह दुर्घटना सम्राट होटल के समीप बुधवार शाम 7:30 बजे हुई थी।

ओम ट्रेवेल्स नामक बस काफी तेज गति से रामगढ़ से बोकारो की ओर जा रही थी। इसी दौरान बारलोंग स्थित एक होटल के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक ऑटो के साथ उसकी जोरदार टक्कर हो गई। ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।

इसे भी पढ़ें- UP में BJP लगाएगी हैट्रिक? 4 ठाकुर तो 8 OBC समाज से बने उपाध्यक्ष... 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने संगठन में ऐसे सेट किया जातीय समीकरण

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 26 June 2026 at 07:54 IST