अपडेटेड 21 February 2026 at 16:28 IST
Jharkhand: सात समंदर पार फंसा सिंदरी के बेटे का शव, परिजन लगा रहे भारत लाने की गुहार, नौकरी के लिए गया था जेद्दा फिर क्या हुआ?
धनबाद जिले के सिंदरी मनोहर टांड़ निवासी चंदेश्वर कुमार (40 वर्षीय) का शव सऊदी अरब के जेद्दा में पड़ा है। परिजन शव को भारत लाने के लिए बीते कई दिनों से जद्दोजहद कर रहे हैं, लेकिन एडी कोड नहीं मिलने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
Jharkhand Man Died Abroad: धनबाद जिले के सिंदरी मनोहर टांड़ निवासी चंदेश्वर कुमार (40 वर्षीय) का शव सऊदी अरब के जेद्दा में पड़ा है। परिजन शव को भारत लाने के लिए बीते कई दिनों से जद्दोजहद कर रहे हैं, लेकिन एडी कोड नहीं मिलने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। 12 फरवरी को मौत की सूचना मिलने के बाद से परिवार लगातार कोशिश कर रहा है कि शव भारत लाया जा सके।
क्या है मामला?
चंदेश्वर कुमार 24 जुलाई को नौकरी के सिलसिले में सऊदी अरब के जेद्दा गए थे। वहां वे अल जमील मेटल वर्क्स फैक्ट्री में कार्यरत थे। 10 फरवरी को उन्हें सिंदरी लौटना था और इसके लिए फ्लाइट टिकट भी बुक थी। उसी दिन परिजनों से फोन पर उनकी बातचीत हुई, लेकिन इसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। लगातार संपर्क की कोशिशों के बीच 12 फरवरी को जेद्दा से उनका डेथ सर्टिफिकेट परिजनों को मिला। कंपनी के प्रतिनिधियों से बात करने पर मृत्यु की पुष्टि हो गई। खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में मातम छा गया।
लगातार चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं
मृतक का भांजा साहिल शव को सऊदी से लाने के लिए आवश्यक एडी कोड की व्यवस्था में जुटा है। सऊदी अरब से एडी कोड की मांग की गई है ताकि शव भारत भेजा जा सके। साहिल पहले सिंदरी शाखा के बैंक ऑफ इंडिया पहुंचे, जहां यह सुविधा नहीं होने की बात कहकर उन्हें SBI जाने की सलाह दी गई। इसके बाद वे एसबीआई सिंदरी शाखा पहुंचे, जहां उन्हें धनबाद मुख्य शाखा भेजा गया। मुख्य शाखा में सेमी ब्रांच जाने को कहा गया। सेमी ब्रांच में आवेदन सिंदरी शाखा से फॉरवर्ड कराने की बात कही गई, लेकिन सिंदरी शाखा ने स्पष्ट कर दिया कि उनके पास यह सुविधा ही नहीं है। लगातार चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं निकलने से परिवार परेशान है। आखिरकार साहिल ने धनबाद डीसी कार्यालय पहुंचकर जन शिकायत में आवेदन दिया और शव को जल्द भारत लाने की फरियाद की।
मामले में धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि श्रम अधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि एडी कोड तत्काल उपलब्ध कराकर शव को लाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। लेबर ऑफिस से भी बात की गई है ताकि परिजनों को जल्द राहत मिल सके।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 21 February 2026 at 16:28 IST