Jharkhand: झारखंड में 26 नवंबर को नई सरकार का शपथ समारोह, अखिलेश और ममता को भी न्योता

झारखंड विधानसभा चुनावों में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन मतलब INDI अलायंस को बहुमत मिला है। फिलहाल सरकार गठबंधन की तैयारी शुरू हो गई है।

Follow :  
×

Share


झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार का 26 नवंबर को शपथ समारोह। | Image: Facebook

Jharkhand: झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार फिर से बनने जा रही है। हालिया झारखंड विधानसभा चुनावों में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन मतलब INDI अलायंस को बहुमत मिला है। 81 में से हेमंत सोरेन की पार्टी जेएमएम ने 34 सीटें जीती हैं, जिसके बलबूते महागठबंध को झारखंड में जीत मिली है। फिलहाल झारखंड में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की जानकारी सामने आई है।

सूत्र बता रहे हैं कि झारखंड की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 26 नवंबर को होगा। सूत्रों के अनुसार, हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में INDI गठबंधन में शामिल दलों के बड़े नेता शामिल होंगे। राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और भाकपा-माले के नेता दीपांकर भट्टाचार्य शामिल हो सकते हैं। अखिलेश यादव और ममता बनर्जी को भी न्योता है। उसके अलावा आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी झारखंड सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।

सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे हेमंत सोरेन

सूत्र बताते हैं कि हेमंत सोरेन रविवार को शाम 4 बजे झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मिल सकते हैं और औपचारिक रूप से सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। उसके बाद 26 नवंबर को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जहां मुख्यमंत्री के अलावा कुछ मंत्रियों को भी पद की शपथ दिलाई जाएगी। सूत्रों के अनुसार, सीएम हेमंत सोरेन के अलावा जेएमएम कोटे से 6, कांग्रेस कोटे से 4 और आरजेडी कोटे से एक मंत्री होगा।

झारखंड विधानसभा चुनाव परिणाम

हेमंत सोरेन की पार्टी ने 34 सीटें हासिल कीं, कांग्रेस ने 16, राजद ने 4 और सीपीआई-एमएल ने 2 सीटें हासिल कीं, जिससे INDI गठबंधन के लिए लगातार दूसरी बार सत्ता में आने का रास्ता साफ हो गया। JMM गठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) शामिल हैं। एनडीए में भारतीय जनता पार्टी, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (एजेएसयू), जनता दल (यूनाइटेड) और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) शामिल हैं। झारखंड में बीजेपी को 21 सीटों पर जीत मिली है। आजसू, जदयू और लोजपा (रामविलास) को एक-एक सीट हासिल हुई है।

यह भी पढ़ें: हेमंत सोरेन दोबारा बनेंगे मुख्यमंत्री? झारखंड की 81 सीटों पर कौन-कहां से जीता, पूरी लिस्ट

(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 24 November 2024 at 13:04 IST