अपडेटेड 27 August 2024 at 09:28 IST
Jharkhand: अमित शाह से मिले सुदेश महतो, BJP के साथ ही चुनाव लड़ेगी AJSU, सीटों पर सस्पेंस बरकरार
केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद सुदेश महतो ने बताया कि झारखंड विधानसभा का चुनाव आजसू पार्टी NDA गठबंधन के तहत ही लड़ेगी।
झारखंड में सियासी हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। पूर्व सीएम चंपाई सोरेन पर सस्पेंस खत्म हो गया है। उनके BJP में शामिल होने की खबर पर मुहर लग गई। इस बीच सोमवार को आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने भी दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। लगभग 1 घंटे तक दोनों नेताओं के बीच राज्य के ताजा राजनीतिक हालात और अगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई।
अमित शाह से मुलाकात के बाद सुदेश महतो ने बताया कि झारखंड विधानसभा का चुनाव आजसू पार्टी NDA गठबंधन के तहत ही लड़ेगी। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। आजसू प्रमुख ने पार्टी के हालिया कार्यक्रमों से भी शाह को अवगत कराया। अमित शाह के साथ बैठक के बाद सुदेश ने मीडिया को बताया कि AJSU झारखंड में NDA के साथ ही विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
अमित शाह से मिले सुदेश महतो
बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में सीटों को लेकर बीजेपी और आजसू पार्टी के बीच तालमेल नहीं हो सका था। जिसकी वजह से दोनों पार्टियों ने साथ मिलकर चुनाव नहीं लड़ा था, जिसका नुकसान दोनों दलों को उठाना पड़ था। इस बार दोनों दलों ने आपसी सहमति बाद विधानसभा चुनाव साथ लड़ने का ऐलान किया है। हालांकि सीटों के बंटवारे पर अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है।
NDA के साथ चुनाव लड़ेगी AJSU
सुदेश महतो ने अपने X हैंडल पर भी शाह से मुलाकात की तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, झारखंड के विकास, वर्तमान राजनीतिक हालात और आगामी विधानसभा चुनाव से संबंधित विभिन्न विषयों पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ गहन चर्चा हुई। एनडीए सरकार झारखंड राज्य के लिए आवश्यक है और हम एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।
चंपई का BJP में स्वागत-सुदेश महतो
अब सीटों को लेकर संभावना जताई जा रही है कि NDA गठबंधन के तहत आजसू को 7 से 8 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, जब पत्रकारों ने चंपाई के बीजेपी में आने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि अगर चंपई एनडीए में आते हैं तो गठबंधन को और मजबूती मिलेगी और उनका स्वागत है। JMM ने चंपई के साथ गलत किया वो राज्य के लिए अच्छा काम कर रहे थे मगर उन्हें हेमंत सोरेन की कुर्सी की चाहत का शिकार होना पड़ा।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 27 August 2024 at 09:28 IST