BREAKING: कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर, मारा गया लश्कर का आखिरी कमांडर लतीफ भट
कुलगाम के लारू में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर हो गए। मारे गए आतंकी में लश्कर का बचा हुआ इकलौता कमांडर लतीफ भट भी शामिल है।
- भारत
- 2 min read
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम के लारू में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर हो गए। मारे गए दोनों आतंकी लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के संगठन के थे। इनमें लश्कर का बचा हुआ इकलौता कमांडर लतीफ भट भी शामिल है।
सोमवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट मारा गया। मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकी मारे गए हैं। CRPF की टीम पर हुए हमले के बाद इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
कुलगाम मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को मिली सफलता
मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए, कश्मीर जोन पुलिस ने 'X' पर एक पोस्ट में लिखा, "कुलगाम में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। J&K पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर मौजूद हैं। विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी।"
आतंकियों की मौजूदगी की मिली थी जानकारी
यह मुठभेड़ तब शुरू हुई जब इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद, सुरक्षा बलों ने रविवार देर रात जिले में एक सर्च ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया और संदिग्ध आतंकवादियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया।
CRPF टीम पर हमले में शामिल था लतीफ भट
कुलगाम के अखरान इलाके में बीते 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक चौकी पर हुए आतंकी हमले के बाद सेना लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। इस हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे। इस हमले लश्कर कमांडर लतीफ भट का हाथ था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया था।
कौन था लश्कर का आखिरी कमांडर लतीफ भट
तलाशी अभियान के छठे दिन सुरक्षाबलों को सफलता मिली। दोनों ओर से चली घंटों गोलीबारी के बाद सेना ने मोहम्मद लतीफ भट समेत एक आतंकी को मार गिराया। सूत्रों के मुताबिक लतीफ भट लश्कर का बचा हुआ इकलौता कमांडर था। वह कुलगाम जिले के खेरवान क्षेत्र का रहने था। उसका नाम द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) से भी जोड़ा जाता रहा है, जिसे लश्कर का सहयोगी संगठन माना जाता है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 16 November 2026 at 14:19 IST