अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था पहलगाम पहुंचा, कल करेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन

Amarnath Yatra Starts: अमरनाथ के दर्शन आज से शुरू हो गए हैं। इस बीच तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था पहलगाम पहुंचा है।

 
Follow :

Amarnath Yatra Starts: हर साल की तरह इस बार भी अमरनाथ यात्रा की शुरुआत हो चुकी है। तीर्थ यात्रियों का पहला जत्था आज यानि 29 जून को बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे। तीर्थयात्रियों का पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए गुफा की ओर रवाना हो चुका है। इन सबके बीच तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था पहलगाम पहुंच गया है। वे कल सुबह जल्दी अमरनाथ गुफा के लिए अपनी यात्रा शुरू करेंगे।

तीर्थयात्रियों की यात्रा के बीच सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से 200 वाहनों में सवार होकर 1881 श्रद्धालु रवाना हुए। 104 वाहनों में सवार होकर 1069 श्रद्धालु बालटाल और 96 वाहनों में सवार होकर 812 श्रद्धालु पहलगाम के लिए रवाना हुए। तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था कड़ी सुरक्षा के बीच पहलगाम पहुंच गया।

आज से शुरू हुई तीर्थयात्रा

शनिवार को अनंतनाग में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से यह 52 दिवसीय तीर्थयात्रा शुरू होगी और 19 अगस्त को खत्म होगी। 'बम बम भोले' और 'हर हर महादेव' के जयकारों के बीच जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा के लिए भगवती नगर स्थित यात्री निवास आधार शिविर से 4,603 तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षित यात्रा की कामना की और कहा, "बाबा अमरनाथ जी का आशीर्वाद सभी के जीवन में शांति, खुशी और समृद्धि लाए।" अधिकारी ने बताया कि तीर्थयात्री 231 वाहनों के काफिले में श्रीनगर पहुंचे। कुलगाम के उपायुक्त (डीसी) अतहर आमिर खान ने संवाददाताओं को बताया कि बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों से यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों का उनके आगमन पर प्रशासन, नागरिक समाज के सदस्यों, व्यापार जगत, फल उत्पादकों और बाजार संघों द्वारा स्वागत किया गया। 

इसे भी पढ़ें: BREAKING: संजय झा को नीतीश कुमार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, बनाया JDU का कार्यकारी अध्यक्ष

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 29 June 2024 at 14:39 IST