अपडेटेड 18 April 2024 at 16:35 IST
बिहार के लाल ने मां को किया था वादा- 30 को लौटूंगा... J&K में आतंक की गोली ने सुला दी मौत की नींद
अनंतनाग में आतंकवादियों द्वारा गोली मारकर बिहार के प्रवासी मजदूर राजा शाह की हत्या कर दी गई। अब उसके शव को बिहार स्थित बांका में उसके घर लाया जा रहा है।
घाटी में एक बार फिर प्रवासी मजदूर को आतंकियों ने अपना शिकार बनाया है। बुधवार,17 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में एक और प्रवासी मजदूर की आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। जबलीपोरा बिजबेहेड़ा में बिहार के कुछ लोगों पर आतंकवादियों ने गोलियां चलाईं जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई है। जिस मजदूर की मौत आतंकियों की गोली से हुई वो बिहार के बांका का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलने के बाद कई आला-अधिकार बांका में मजदूर के घर पहुंच रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के जबलीपोरा बिजबेहेड़ा में बुधवार देर शाम को बिहार के गैर स्थानीय लोगों पर आतंकवादियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान बिहार का एक मजदूर को गोली लगने से बुरी तरह से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, उस शख्स ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसकी पहचान बिहार के बांका निवासी राजा शाह के रूप में हुई जो जबलीपोरा में मजदूरी का काम करता था।
बेटे ने कहा था 30 तारीख को घर आएगा-राजा शाह की मां
बांका में राजा शाह के परिवार को जैसे ही उनके मौत की सूचना मिली सब आहत हो गए। परिजनों को विश्वास नहीं हो रहा था कि वो अब कभी वापस नहीं आएगा। कश्मीर में आतंकियों की गोली के शिकार हुए राजा शाह की मां ने कहा वह मेरा छोटा बेटा था। उसने कहा उसने कहा था कि वह 30 तारीख को घर आएगा। मगर उसके पहले इतनी बड़ी घटना हो गई। रात को हमें मिला कॉल आया की बेटे की मौत हो गई। हम सरकार से मदद की उम्मीद रखते हैं। हमारे पीछे कोई नहीं है।
राजा शाह के घर पहुंचीं सर्कल अधिकारी
अनंतनाग में आतंकवादियों द्वारा गोली मारकर बिहार के प्रवासी मजदूर राजा की हत्या पर, रजौन सर्कल अधिकारी कुमारी सुषमा ने बताया, "जिला प्रशासन की ओर से हम यहां आए हैं। अंतिम संस्कार के लिए हमें कहा गया है कि हम इनका सहयोग करें। फिलहाल हमें जानकारी मिली है कि शव वहां से भेजा जाएगा। शव यहां पहुंचने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा
CM नीतीश ने भी बिहारी मजदूर की मौत पर जताया दुख
बिहारी मजदूर की कश्मीर में मौत पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी दुख जताया है। CM नीतीश ने X पर लिखा, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में हुए आतंकी हमले में बिहार के बांका जिले के रहने वाले श्रमिक राजू शाह जी की मृत्यु दुःखद। मृतक के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है।
घटना के बाद इलाके में दहशत
वहीं, घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। घटना अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र में हुई है जहां तीसरे चरण में 7 मई को मतदान है। घटना के बाद इलाके में रहने वाले प्रवासी लोग काफी डरे हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 18 April 2024 at 16:18 IST