जयशंकर, 61 देशों के राजनयिकों ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में उठाया जीप सफारी का लुत्फ
विदेश मंत्री एस जयशंकर और 61 देशों के राजनयिकों ने सोमवार की सुबह काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में हाथी की सवारी की और जीप सफारी का आनंद लिया।
विदेश मंत्री एस जयशंकर और 61 देशों के राजनयिकों ने सोमवार की सुबह काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में हाथी की सवारी की और जीप सफारी का आनंद लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ये राजनयिक रविवार रात विदेश मंत्री के साथ जोरहाट पहुंचे थे और आज सुबह काजीरंगा पहुंचे। राजनयिकों ने सबसे पहले पार्क के केंद्रीय रेंज कोहोरा में हाथी की सवारी का आनंद लिया। जयशंकर प्रसिद्ध हाथी प्रद्युम्न पर सवार हुए। हाथी की सवारी के बाद उन्होंने यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल पार्क के अंदर जीप सफारी का आनंद लिया। सफारी के बाद जयशंकर और कुछ राजनयिकों को हाथियों को चारा खिलाते हुए देखा गया।
असम के कृषि मंत्री अतुल बोरा, काजीरंगा से लोकसभा सदस्य कामाख्या प्रसाद तासा, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की निदेशक सोनाली घोष और डीएफओ अरुण विग्नेश सफारी के दौरान मेहमानों के साथ थे। जयशंकर राजनयिकों के साथ शाम को लगभग 9,000 कलाकारों द्वारा पेश किया जाने वाला झुमोर नृत्य देखने के लिए गुवाहाटी रवाना होंगे। वहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। ये राजनयिक मंगलवार को ‘एडवांटेज असम 2.0 अवसंरचना एवं निवेश शिखर सम्मेलन’ के उद्घाटन सत्र में भी भाग लेंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘ एक ऐतिहासिक यात्रा ! कल रात विदेश मंत्री एस जयशंकर असम की ऐतिहासिक यात्रा पर 50 से अधिक मिशन प्रमुखों के साथ जोरहाट पहुंचे। इससे राज्य में विदेशी सहयोग के द्वार खुलेंगे। सभी का हार्दिक स्वागत है।’’
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 24 February 2025 at 11:26 IST