BRICS 2026: ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियान पहुंचे दिल्ली, PM मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता, 15 दिनों के अंदर दूसरी मुलाकात
BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान दिल्ली पहुंच गए हैं। शुक्रवार को पीएम मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक भी निर्धारित है।
- भारत
- 3 min read
राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर 2026 को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की उलटी गिनती शुरू हो गई है। राष्ट्रध्यक्षों के आने का सिलसिला भी जारी है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ब्रिक्स समिट में शामिल होने के लिए शुक्रवार को राजधानी दिल्ली पहुंचे। पालम एयरफोर्स स्टेशन पर उनका विमान लैंड हुआ, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। पेजेशकियन शुक्रवार शाम को पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे।
तेहरान से रवाना होने से पहले ईरानी राष्ट्रपति ने कहा, "ब्रिक्स का मकसद एकतरफावाद का मुकाबला करना है और मौजूदा समिट का नारा भी इसी दायरे में है, और हमें उम्मीद है कि हम दिन-ब-दिन इस मकसद के करीब पहुंचेंगे। बेशक, हम जानते हैं कि आर्थिक मुद्दे जटिल हैं और दुनिया में तानाशाही और एकतरफावाद को कम करने के लिए हमें नए तरीकों की जरूरत है।"
ब्रिक्स समिट को लेकर क्या बोले ईरानी राष्ट्रपति?
भारत आने से पहले ईरानी राष्ट्रपति ने ब्रिक्स समिट के महत्व का जिक्र करते हुए कहा, "आजादी, एकजुटता, स्थिरता, प्रतिरोध और इनोवेशन इस समिट के नारे हैं, और इस समिट में आर्थिक, वित्तीय, औद्योगिक और व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा होगी।ब्रिक्स के दायरे में एक खास बैंक बनाया गया है, और हम देशों से निवेश देखेंगे ताकि देशों और सदस्यों के बीच डॉलर पर निर्भरता के बिना बातचीत हो सके, जिससे डॉलर के जरिए अमेरिका की तानाशाही कम हो सके"
15 दिनों के अंदर दूसरी बार पीएम मोदी संग मुलाकात
बता दें कि 15 दिनों के अंदर ईरानी राष्ट्रपति की पीएम मोदी से ये दूसरी मुलाकात है। बिश्केक में SCO समिट के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि ईरान और भारत के बीच लंबे समय से संबंध हैं और वे अपनी समानताओं का विस्तार कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "इस समिट में हमारी मौजूदगी चीन, रूस, ब्राजील, भारत और अन्य देशों के अधिकारियों सहित कई अधिकारियों से मिलने और चर्चा करने का एक अच्छा मौका है।"
इससे पहले, बिश्केक में अपनी बैठक के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में लंबे समय तक शांति और स्थिरता के लिए सभी प्रयासों के प्रति भारत के समर्थन को दोहराया था। ब्रिक्स और SCO सहित बहुपक्षीय संगठनों में ईरान के साथ मिलकर काम करने के लिए भारत की तत्परता को दोहराते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान के साथ द्विपक्षीय व्यापार चैनलों को बढ़ाने और विविधता लाने के लिए नई दिल्ली के संकल्प को व्यक्त किया और कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक संबंधों को गहरा करने के लिए देश के समर्पण पर जोर दिया था।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 11 September 2026 at 15:03 IST