अपडेटेड 24 March 2025 at 11:25 IST

औरंगजेब की कब्र हटाने की बजाय संभाजीनगर में संभाजी का स्मारक बनाया जाए: अठावले

हिंदू संगठनों की औरगंजेब की कब्र हटाए जाने की मांग के बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने रविवार को कहा कि मुगल बादशाह की कब्र हटाए जाने के स्थान पर संभाजी नगर में छत्रपति संभाजी का एक स्मारक बनाया जाना चाहिए।

Follow :  
×

Share


Union Minister Ramdas Athawale | Image: PTI

हिंदू संगठनों की औरगंजेब की कब्र हटाए जाने की मांग के बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने रविवार को कहा कि मुगल बादशाह की कब्र हटाए जाने के स्थान पर संभाजी नगर में छत्रपति संभाजी का एक स्मारक बनाया जाना चाहिए। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री आठवले ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘औरंगजेब की कब्र हटाने से कोई समाधान नहीं निकलेगा। उनकी कब्र मत हटाओ। लेकिन संभाजीनगर में छत्रपति संभाजी राजे का भी एक बड़ा स्मारक होना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि औरंगजेब की कब्र पुरातत्व विभाग के तहत आता है और वह उसकी सुरक्षा में है।

आठवले ने कहा कि संभाजी महाराज की विचारधारा को लेकर हमें आगे चलना है लेकिन देश में शांति रहनी चाहिए । मंत्री ने मुसलमानों से भी औरंगजेब से अपना नाता न जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, 'मुस्लिम समाज से मेरा निवेदन है कि आप औरंगजेब से अपना नाता मत जोड़िए। यहां के मुस्लिम हिंदू थे। यहां के मुसलमान औरंगजेब की औलाद नहीं हैं। उनके साथ उनका कोई संबंध नहीं है।’’ केंद्रीय मंत्री प्रदेश में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा बैठक के लिए देहरादून आए थे ।

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 24 March 2025 at 11:25 IST