अपडेटेड 9 December 2024 at 17:06 IST

मराठी भाषी लोगों के साथ अन्याय, आदित्य ठाकरे ने कहा- बेलगाम को केंद्र शासित प्रदेश घोषित किया जाए

शिवसेना नेता (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने सोमवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक के बेलगाम में मराठी भाषी लोगों के साथ अन्याय हो रहा है।

Follow :  
×

Share


Shiv Sena (UBT) leader Aaditya Thackeray. | Image: PTI

शिवसेना नेता (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने सोमवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक के बेलगाम में मराठी भाषी लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने मांग की कि इस क्षेत्र को केंद्र शासित प्रदेश घोषित किया जाए। मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन को लेकर जश्न मनाया जा रहा है, वहीं पड़ोसी राज्य (कर्नाटक) के बेलगावी में स्थिति बिगड़ रही है।

महाराष्ट्र एकीकरण समिति के सदस्य सोमवार से शुरू हो रहे कर्नाटक विधानसभा के शीतकालीन सत्र का विरोध कर रहे हैं। इस संगठन ने बेलगावी में एक सभा का आयोजन किया था, लेकिन कर्नाटक सरकार ने कथित तौर पर सभा पर रोक लगा दी और महाराष्ट्र के नेताओं के राज्य में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया।

विधायक ठाकरे ने पूछा…

विधायक ठाकरे ने पूछा, ‘‘बेलगावी में मराठी भाषी लोगों को दबाया जा रहा है। कल से ही इस क्षेत्र में स्थिति बिगड़ती जा रही है। हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है। (महाराष्ट्र के) पिछले ‘‘असंवैधानिक’’ मुख्यमंत्री ने वादा किया था कि वे विवादित क्षेत्र में रहने वाले मराठी भाषी लोगों को अतिरिक्त धनराशि देंगे। उस आश्वासन का क्या हुआ?’’

उन्होंने सवाल किया कि क्या केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बेलगावी को केंद्र शासित प्रदेश घोषित करने के लिए तैयार है। ठाकरे ने कहा, ‘‘हमारी मांग थी और है कि बेलगावी को केंद्र शासित प्रदेश घोषित किया जाना चाहिए।’’

ये भी पढ़ें - करीना कपूर ने बताया, कौन है उनकी 'पसंदीदा जोड़ी'

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Garima Garg

पब्लिश्ड 9 December 2024 at 17:06 IST