‘सफर के दौरान अलर्ट रहो’, आगजनी की घटनाओं पर रेल मंत्री का आया बयान, कहा- AI, ड्रोन और CCTV से होगी ट्रेनों और यात्रियों की निगरानी
Indian Railways: ट्रेनों को निशाना बनाने वाली घटनाओं के बाद रेलवे ने यात्रियों से अलर्ट रहने की अपील की है। रेल मंत्रालय ने कहा है कि यदि किसी यात्री को कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी तुरंत जानकारी रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।
Indian Railways: रेलवे ने हाल ही में ट्रेनों को निशाना बनाने वाली घटनाओं के बाद यात्रियों से अलर्ट रहने की अपील की है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली में फील्ड अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की। अहम बैठक में रेलवे सुरक्षा को मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बढ़ाने और आधुनिक तकनीक के जरिए इंटेलिजेंस नेटवर्क को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
AI, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी
नई दिल्ली में आयोजित इस बैठक में रेल मंत्री ने साफ कहा कि रेलवे अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करेगा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को और मजबूत किया जा रहा है ताकि कोई भी असामाजिक तत्व रेलवे को निशाना न बना सके।
बता दें, हाल ही में हुई आगजनी की कुछ घटनाओं सहित कई मामलों की प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता सामने आई है। भारतीय रेलवे ने इन घटनाओं को गंभीरता से लिया है और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) इनकी सक्रिय रूप से जांच कर रहा है।
यात्रियों से खास अपील
रेल मंत्रालय ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि सफर के दौरान पूरी तरह सतर्क रहें। अगर किसी को स्टेशन पर, ट्रेन में या आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें। छोटी-सी जानकारी भी बड़ी घटना को रोक सकती है।
बैठक में क्या फैसले हुए?
बैठक में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और रवनीत सिंह बिट्टू भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि जमीनी स्तर पर खुफिया जानकारी इकट्ठा करने की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। सीसीटीवी का कवरेज बढ़ाया जाएगा, साइबर सुरक्षा मजबूत की जाएगी और आरपीएफ व जीआरपी के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाएगा।
सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे की सुरक्षा हर किसी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यात्रियों का आभार जताते हुए कहा कि उनकी सजगता से कई बार बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा चुका है। रेलवे का मानना है कि आधुनिक तकनीक और जागरूक यात्रियों के सहयोग से रेल नेटवर्क को और सुरक्षित बनाया जा सकता है। फिलहाल सभी जोनल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा पर कोई समझौता न हो।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 21 May 2026 at 18:07 IST