अपडेटेड 6 January 2024 at 06:50 IST
भारतीय मरीन कमांडो की दुनिया ने देखी ताकत, अगवा जहाज से सभी 15 भारतीयों समेत 21 को सुरक्षित निकाला
Somalia Rescue Operation: इससे पहले हाईजैक हुए जहाज पर भारतीय नौसेना के कमांडो उतरे थे। इस ऑपरेशन में उन्होंने डाकुओं को सरेंडर करने की चेतावनी दी थी।
Somalia Rescue Operation: सोमालिया तट से लगभग 300 समुद्री मील दूर अगवा हुए 'MV LILA NORFOLK' नाम के जहाज में फंसे 15 भारतीयों को छुड़ाने के लिए भारतीय नौसेना का ऑपरेशन सफल हो गया है। इस ऑपरेशन में भारतीय मरीन कमांडो ने 15 भारतीयों समेत 21 लोगों को समुद्री लुटेरों से छुड़वा लिया है। न्यूज एजेंसी ANI ने जानकारी दी कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जब भारतीय नौसेना के कमांडों अगवा शिप पर पहुंचे तो डकैत पहले ही वहां से भाग खड़े हुए थे। इससे पहले कमांडो ने उन्हें सरेंडर करने की चेतावनी दी थी।
शिप पर कोई डकैत नहीं मिला
इस ऑपरेशन को लेकर नेवी ने जानकारी दी कि उन्हें MV LILA NORFOLK पर कोई अपहरणकर्ता नहीं मिला है। नेवी का मानना है कि उनके द्वारा दी गई सरेंडर करने की चेतावनी के बाद समुद्री डाकुओं ने अपना इरादा बदल लिया होगा। भारतीय नौसेना ने जानकारी दी कि आईएनएस चेन्नई मालवाहक 'MV LILA NORFOLK' जहाज के करीब है और उस जहाज को अगले बंदरगाह की तरफ ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
4 जनवरी को मिली थी अगवा होने की जानकारी
इस ऑपरेशन को सफल करने में भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान नौसेना का एक हेलिकॉप्टर भी तैनात था जो 'MV LILA NORFOLK' पर नजर बनाए हुए था। बता दें कि इससे पहले गुरुवार को जानकारी मिली थी कि गुरुवार, 4 जनवरी को ‘MV LILA NORFOLK’ को सोमालिया के समुद्री डाकुओं ने हाईजैक कर लिया है। यह जहाज ब्राजील से बहरीन की तरफ जा रहा था। जिसमें 15 भारतीय सवार थे। इस जहाज में लाइबेरिया के झंडे लगे थे। इसके बाद भारतीय नौसेना ने अपने युद्ध पोत आईएनएस चेन्नई को बंधकों को छुड़ाने के लिए रवाना किया था।
इससे पहले बीते दिसंबर में भी अरब सागर में एक मर्चेंट शिप पर अटैक किया गया था। इस जहाज पर चालक दल में 20 भारतीय शामिल थे। ये जहाज सऊदी अरब के एक बंदरगाह से कच्चा तेल लेकर मंगलुरु की तरफ जा रहा था। जहाज पर हमला किए जाने पर शिप में आग लग गई थी लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ था।
Published By : Arpit Mishra
पब्लिश्ड 5 January 2024 at 20:52 IST