Operation Sindoor: 'भारत कुछ भूलता नहीं, कभी माफ नहीं करता', ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने पर सेना का कड़ा मैसेज, जारी किया टीजर VIDEO
One Year of Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर को एक साल पूरा हो गया है। इस मौके पर भारतीय वायुसेना ने एक वीडियो जारी कर आतंकियों को कड़ा संदेश दिया है।
Operation Sindoor Anniversary: आज (7 मई) ऑपरेशन सिंदूर को एक साल पूरे हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान में बैठे आतंकियों को सबक सिखाने के लिए सेना ने यह ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान सेना ने पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा समेत कई संगठनों के 9 ठिकानों को तहस-नहस कर दिया था। ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने पर भारतीय वायुसेना ने एक टीजर वीडियो जारी किया है और आतंकियों को फिर कड़ा मैसेज दिया है। इसमें कहा गया है, "भारत कुछ नहीं भूलता भारत कभी भी माफ नहीं करता।"
वायुसेना ने जारी किया टीजर VIDEO
वायुसेना ने जो वीडियो शेयर किया, उसमें पहलगाम आतंकी हमले, पीएम मोदी की आतंकियों को चेतावनी और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी कुछ झलकियां दिखाई गई है। वीडियो में दिखाया गया कि भारतीय सेना ने कैसे ऑपरेशन सिंदूर की तैयारी की और पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद किया। इसमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान और उसके सैन्य ठिकानों की तबाही की तस्वीर भी दिखाई गई।
वायुसेना ने लिखा, "ऑपरेशन सिंदूर, न्याय मिल गया। कार्रवाई सटीक, यादें हमेशा- ऑपरेशन सिंदूर जारी है। भारत कुछ नहीं भूलता, भारत कभी नहीं माफ करता।"
पहलगाम आतंकी हमले का बदला
रक्षा मंत्रालय ने भी इस वीडियो को शेयर किया और कहा, "एक कृतज्ञ राष्ट्र के तौर पर, जब हम ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ मना रहे हैं, तो आइए हम देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करने के अपने दृढ़ संकल्प को फिर से दोहराएं।"
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। इस दौरान पहलगाम घूमने आए हिंदू टूरिस्टों को आतंकियों ने उनका धर्म पूछकर निशाना बनाया। हमले में 26 लोग मारे गए थे। आतंकी हमले के बाद पूरे देश में गुस्से का माहौल था और बदले की मांग उठ रही थी।
7 मई को सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया। भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना ने एक संयुक्त अभियान में पाकिस्तान और PoK में स्थित 9 प्रमुख आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा (LeT), जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और हिजबुल मुजाहिद्दीन जैसे संगठनों के ट्रेनिंग कैंपों और लॉन्च पैड्स को नष्ट किया गया। ऑपरेशन में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे।
88 घंटों में हिल गया था पाकिस्तान, फिर…
भारत की इस कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने भी भारत पर हमले करने की कोशिशें की। उसने दिल्ली को लक्ष्य बनाने के लिए फतेह-II बैलिस्टिक मिसाइल दागी, लेकिन भारत के मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम ने उसके हर हमले को नाकाम कर दिया। इसके बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के एयरबेस और कई अहम ठिकानों पर मिसाइलें दागीं। करीब 88 घंटों तक संघर्ष चलता रहा, जिसमें पाकिस्तान की हालत काफी खराब हो गई थी। पाकिस्तान के अनुरोध पर 10 मई को भारत ने सीजफायर किया।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 7 May 2026 at 07:19 IST