Today Weather Update: देश में मौसम के दो रंग! कहीं धूल भरी आंधी और बारिश का शोर, तो कहीं 46.8 डिग्री के साथ 'लू' का टॉर्चर

Today Weather Update 12 May 2026: देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है, जबकि राजस्थान में 46.8°C तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया।

 
Follow :
Today Weather Update IMD Alert 12 May 2026 Heatwave and Rain Alert | Image: AI

Today Weather Update 12 May 2026: देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। एक तरफ दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं दूसरी तरफ राजस्थान और गुजरात के इलाकों में भीषण गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और कई चक्रवाती परिसंचरण प्रणालियों के चलते आने वाले कुछ घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं। 

दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश का अलर्ट 

दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में 12 से 14 मई के बीच मौसम तेजी से बदल सकता है। मौसम विभाग ने 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कई इलाकों में धूल भरी आंधी भी चल सकती है, जिससे विजिबिलिटी कम होने और ट्रैफिक प्रभावित होने का खतरा है। 

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अगले चार दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों को फसलों और फलदार पेड़ों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।

राजस्थान में लू और तूफान का डबल अटैक

वहीं, राजस्थान में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। पूर्वी जिलों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी जारी है। बीते दिन बाड़मेर  देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक लू चलने की चेतावनी दी है। 

जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में तेज आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक सतर्क रहने की सलाह दी है। 

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का असर

तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण भारत में मन्नार की खाड़ी व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने दबाव क्षेत्र की वजह से कई वेदर सिस्टम एक साथ सक्रिय हो गए हैं। यही कारण है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। 

ये भी पढ़ें:  पेट्रोल-डीजल, गोल्ड और WFH... PM मोदी ने 24 घंटे में देश से दो बार क्यों की बचत की अपील, क्या है इसके मायने, भारत में कितना बड़ा संकट?
 

Published By : Shashank Kumar

पब्लिश्ड 12 May 2026 at 07:52 IST