Weather Update: फिर सक्रीय होगा मानसून, देश के कई राज्यों में बदलेगा मौसम का मिजाज; पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, उत्तर भारत में मानसून की गतिविधि एक बार फिर रफ्तार पकड़ रही है। IMD ने देश के कई हिस्सों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
- भारत
- 3 min read
देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। इस बार मानसून सबसे लंबे समय तक रहने का रिकॉर्ड बना सकता है। आमतौर पर सितंबर मध्य तक आते-आते देश के हर हिस्से से मानसून की वापसी हो जाती है। मगर मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, उत्तर भारत में मानसून की गतिविधि एक बार फिर रफ्तार पकड़ रही है। 16 सितंबर 2026 को देश के कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग(IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 16 से 18 सितंबर के बीच दिल्ली-NCR,पंजाब,चंडीगढ़,जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है। IMD ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में वज्रपात के साथ बारिश की संभावना जताई है। गुजरात में तो मूसलाधार बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, यूपी के साथ-साथ बिहार,एमपी समेत कई राज्यों में तेज हवा के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।
दिल्ली-NCR में गर्मी से मिलेगी राहत
राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार दिल्ली-NCR में तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 19 और 20 सितंबर से पश्चिमी भागों में मौसम फिर से शुष्क होने की उम्मीद है।
UP-बिहार में भारी बारिश की संभावना
यूपी और बिहार में भी भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और गोरखपुर में बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी आशंका है। वहीं,बिहार के लगभग आधे हिस्से में IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, बक्सर, भोजपुर और रोहतास जैसे सीमांचल और मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
गुजरात में बारिश का रेड अलर्ट
गुजरात के लोगों की टेंशन बढ़ने वाली है। राज्य के कई हिस्से जो इस समय भारी बरिश की चपेट में है, फिलहाल राहत मिलने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने अहमदाबाद, गांधीनगर, सुरेंद्रनगर, राजकोट, मोरबी, पोरबंदर, जामनगर और देवभूमि द्वारका समेत आठ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए बेहद भारी बारिश की चेतावनी दी है।
पहाडों में बदलेगा मौसम का रूख
पहाडों में भी मौसम का रूख बदल गया है। बारिश का दौर अभी जारी रहने का अनुमान है। IMD ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गरज-चमक और तेज हवाओं की भी आशंका है। दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना व तमिलनाडु में भी मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 15 September 2026 at 14:32 IST