अपडेटेड 21 March 2026 at 09:49 IST

India-Afghanistan: पाकिस्तान ने दिया दर्द, भारत ने लगाया मरहम... काबुल अटैक के बाद अफगानिस्तान को भेजी मदद, हमले में हुई थी 400 मौतें

Kabul Hospital Attack: काबुल में नशा मुक्ति केंद्र पर हुए पाकिस्तान के हमले के बाद भारत ने अफगानिस्तान को मानवीय सहायता भेजी है। सरकार ने घायलों के इलाज के लिए काबुल को 2.5 टन दवाइयां और मेडिकल उपकरण भेजे हैं।

Follow :  
×

Share


भारत ने काबुल को भेजी मदद | Image: X

India-Afghanistan news: पाकिस्तान के काबुल अस्पताल पर किए गए हमले के बाद अफगानिस्तान की मदद के लिए भारत आगे आया है। सरकार की ओर से अफगानिस्तान को 2.5 टन आपातकालीन चिकित्सा सहायता भेजी है। खेप में जीवन रक्षक दवाइयां, मेडिकल डिस्पोजेबल, किट और अन्य चिकित्सा उपकरण शामिल हैं, जिससे हमले में घायल हुए लोगों के इलाज में मदद मिले।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच काफी समय से तनाव है। 16 मार्च को पाकिस्तान ने काबुल में एक नशा मुक्ति केंद्र पर बड़ा हमला किया। इस एयरस्ट्राइक में 400 से ज्यादा लोग मारे गए, जबकि 250 लोग घायल हुए थे।

2.5 टन दवाइयां और मेडिकल सामान भेजा

भारतीय विदेश मंत्रालय ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "16 मार्च को हुए जघन्य हमले में घायल हुए लोगों के इलाज और शीघ्र स्वस्थ होने में सहायता के लिए, भारत ने काबुल को आपातकालीन दवाओं, मेडिकल डिस्पोजेबल, किट और उपकरणों की 2.5 टन की खेप भेजी है।"

मंत्रालय ने कहा कि भारत अफगान लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है और इस कठिन समय में हर संभव मानवीय सहायता देना जारी रखेगा।

हमले की कड़े शब्दों में की थी निंदा

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के हमले में 400 से ज्यादा मासूमों की मौत को अमानवीय और निंदनीय बताया था। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने हमले की निंदा करते हुए कहा था कि यह हिंसा का एक कायरतापूर्ण और अमानवीय कृत्य है। इसे किसी भी तरह से सैन्य लक्ष्य के रूप में सही नहीं ठहराया जा सकता। भारत ने पाकिस्तान पर भड़कते हुए यह भी कहा था कि वो लगातार अपने लापरवाह रवैये का हिस्सा है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की गई है कि उन्हें इस आपराधिक कृत्य के दोषियों को जवाबदेह ठहराना चाहिए।

पाकिस्तान के इस कृत्य की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हुई। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार के विशेष दूत रिचर्ड बेनेट ने काबुल में हुए इस हमले पर चिंता जताई। उन्होंने इसकी तुरंत स्वतंत्र जांच शुरू करने और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए, और पीड़ितों तथा उनके परिवारों को मुआवजा दिया जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें: US-Iran war: रूस के बाद अब ईरान का तेल भी खरीद सकेगी दुनिया, जंग के बीच ट्रंप ने फिर लिया यूटर्न, कहा- फैसला अस्थायी

 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 21 March 2026 at 09:49 IST