अपडेटेड 12 October 2024 at 22:13 IST

भारत की गौरवशाली परम्पराओं को सुरक्षित रखना होगा: सुरेश भैय्याजी जोशी

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व सरकार्यवाह सुरेश भैय्याजी जोशी ने शनिवार को कहा कि हमें अयोग्य, अनुचित और अधर्मी रावण रूपी आसुरी शक्तियों को समाप्त करते हुए धर्म और श्रेष्ठ कार्यों से भारत की गौरवशाली परम्पराओं को सुरक्षित रखना होगा।

Follow :  
×

Share


suresh bhaiyyaji joshi | Image: ANI

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व सरकार्यवाह सुरेश भैय्याजी जोशी ने शनिवार को कहा कि हमें अयोग्य, अनुचित और अधर्मी रावण रूपी आसुरी शक्तियों को समाप्त करते हुए धर्म और श्रेष्ठ कार्यों से भारत की गौरवशाली परम्पराओं को सुरक्षित रखना होगा।

उन्होंने कहा,' हम सभी की संस्कृति एक है। दुनिया भर में फैला हुआ अपने आपको हिन्दू मानने वाला, हिन्दू भारत से हैं। हिन्दू और भारत अलग नहीं है।' जोशी झोटवाड़ा में विजयदशमी उत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

एक बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि हम सभी को अच्छे नागरिक के कर्तव्य निभाने चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को कुसंस्कारों से बचने के लिए प्राचीन भारत की परम्पराओं ऋषियों के चिंतन और महापुरुषों के विचारों को आचरण में लाना होगा।

भैय्याजी ने कहा कि भारतीय चिंतन से उपजे मूल्यों को आचरण में लाना हमारी जीवन शैली है। जब सामान्य जन परस्पर सहयोग त्याग, बलिदान और समर्पण से इसे सुरक्षित रखेंगे तो भारत, भारत रहेगा।

उन्होंने कहा कि यह समस्त मानव जाति के कल्याण का मार्ग है, ‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ इस प्रकार का आदर्श विश्व के सामने प्रस्तुत करना यह भारत का काम है। हमें इसके प्रति सजग होकर विचार करने की आवश्यकता है भारत विश्व गुरु बनेगा। उन्होंने कहा कि 'जन्म के आधार पर जाति मानना, उसके आधार पर ऊंच-नीच का भाव मन में विकसित करना, भेदभाव करना, अस्पृश्यता जैसी एक विकृति का पालन करना ये कुरूतियां बन गई है। जब तक समाज इन बातों से मुक्त नहीं होगा तब तक संगठित शक्ति के रूप में भारत कैसे खडा होगा?

इसलिए संगठित शक्ति की आराधना करने वाले हम सब लोगों को सारे राज्य की सीमाएं, भाषा की विविधता जाति बिरादरी यह संकुचितता को छोड़कर बाबा साहब अम्बेडकर जी के कहे वाक्य ‘एक देश एक जन’ की भावना को प्रबल करना होगा।'

इससे पहले जोशी और पैरालंपिक पदक विजेता मोना अग्रवाल ने शस्त्र पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान आरएसएस कार्यकर्ताओं ने शारीरिक व्यायाम का प्रदर्शन भी किया। पथ संचलन के दौरान विभिन्न मोहल्ला विकास समितियों और सामाजिक संगठनों की ओर से स्वयंसेवकों के पथ संचलन पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

 

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 12 October 2024 at 22:13 IST