फ्लाईदुबई घटना के एक ट्वीट पर पाकिस्तानी लेखिका को लगी मिर्ची... तो प्रियंका ने करा दी बोलती बंद, कहा- पाक सेना आतंकी ट्रेनिंग कैंप बंद करे
फ्लाईदुबई विमान को हाइजैक होने से बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी इस समय चर्चा में है। इस पूरी घटना के बाद शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया कि क्या विमान के को-पायलट को पाकिस्तान में ट्रेनिंग मिली थी, क्योंकि इतिहास में कई बार पाकिस्तानी पायलटों पर सुरक्षा चूक के गंभीर आरोप लगे हैं।
- भारत
- 4 min read
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हाल ही में एक बड़ी अप्रिय घटना टल गई। ओमानी मूल के को-पायलट ने विमान को हाइजैक करने का प्रयास किया और भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। अत्यधिक चोटों के बावजूद, कैप्टन मच्छार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे 180 से अधिक इजरायली और अमीराती यात्रियों की सुरक्षित जान बच सकी।
इस घटना के बाद जहां एक ओर भारतीय पायलट के शौर्य की सराहना हो रही है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी मूल की लेखिका बीना शाह इसे एक 'षड़यंत्र' साबित करने में जुट गईं। हालांकि, शिवसेना (UBT) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने बीना शाह की फर्जी थ्योरी का करारा जवाब देकर उन्हें पूरी तरह बेनकाब कर दिया।
कैसे शुरू हुआ सोशल मीडिया पर विवाद?
पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर एक सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या फ्लाईदुबई के इस हमलावर को-पायलट को पाकिस्तान में प्रशिक्षण मिला था, जो ऐसी भयावह गतिविधियों का मुख्य केंद्र माना जाता है? इस सीधे सवाल पर तिलमिलाई पाकिस्तानी लेखिका बीना शाह ने प्रियंका को 'चुप रहने' की हिदायत दे डाली।
बीना शाह की 'बनावटी थ्योरी' और 'षड़यंत्र' का दावा
बीना शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर प्रियंका चतुर्वेदी को टैग करते हुए लिखा कि यह पूरी कहानी बनावटी और मनघड़ंत लगती है। उन्होंने तर्क दिया कि कैसे अचानक भारत, इजरायल और UAE एक ऐसे दुश्मन के खिलाफ एकजुट हो गए जिसे पाकिस्तान से जुड़ा बताया जा रहा है। बीना शाह ने इसे एक सोची-समझी पटकथा करार देने की कोशिश की।
प्रियंका चतुर्वेदी का करारा पलटवार 'मैं कॉलमिस्ट हूं, पत्रकार नहीं'
बीना शाह के षड़यंत्र वाले दावे पर प्रियंका चतुर्वेदी ने बिना किसी झिझक के कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 'मैम, पूरे सम्मान के साथ पूछ रही हूं क्या आप सच में यह मानती हैं कि एक भारतीय पायलट की जान जोखिम में डालकर और सैकड़ों यात्रियों को खतरे में डालकर कोई देश सिर्फ 'सहानुभूति' बटोरने के लिए ऐसी साजिश रचेगा? देश इस तरह काम नहीं करते। हो सकता है यह आपकी हालिया 'मक्का डील' का तरीका हो, लेकिन भारत दुनिया के साथ ऐसे राजनीतिक खेल नहीं खेलता है।'
प्रियंका ने स्पष्ट करते हुए कहा कि वे बेबाक विचार रखने वाली एक कॉलमिस्ट हैं और जल्द ही लेखक बनने वाली हैं, लेकिन वे कोई पत्रकार नहीं हैं जो निष्पक्षता के नाम पर सच से मुंह मोड़ लें।
'चुप रहने की सलाह देने के बजाय आतंकी कैंप बंद कराएं'
पाकिस्तानी लेखिका के 'चुप रहो' वाले कमेंट का जवाब देते हुए प्रियंका ने वैश्विक आतंकवाद में पाकिस्तान की भूमिका पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में होने वाली अधिकांश आतंकी गतिविधियों के तार पाकिस्तान से जुड़े होते हैं। उन्होंने बीना शाह को सलाह दी कि मुझे चुप कराने की जगह वे अपनी सेना से आतंकियों के ट्रेनिंग कैंप बंद करने की अपील करें, जिससे दुनिया में शांति स्थापित हो सके।
भारतीय IT मंत्रालय से की अपील, फेक ट्रोलर्स पर लगे बैन
मामले को आगे बढ़ाते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने भारतीय IT मंत्रालय को भी टैग किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से लगातार भारतीय अकाउंट्स पर अपशब्द और ट्रोलिंग की जा रही है। उन्होंने अपील की कि ऐसे सभी नफरत फैलाने वाले और फर्जी पाकिस्तानी अकाउंट्स को बैन किया जाए ताकि भारतीय सोशल मीडिया स्पेस सुरक्षित और साफ-सुथरा बना रहे।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 1 October 2026 at 17:19 IST