अपडेटेड 22 September 2023 at 22:38 IST
चीन को भारत का मुंहतोड़ जवाब, अनुराग ठाकुर ने रद्द किया दौरा, अरुणाचल के खिलाड़ियों को नहीं दिया था वीजा
चीन ने एशियन गेम्स 2023 में अरुणाचल प्रदेश के तीन भारतीय एथलीटों को वीजा देने से इनकार कर दिया था।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को अपनी चीन यात्रा रद्द कर दी है। इससे पहले चीन ने एशियन गेम्स 2023 में अरुणाचल प्रदेश के तीन भारतीय एथलीटों को वीजा देने से इनकार कर दिया था। भारत ने बीजिंग और नई दिल्ली में आधिकारिक चैनलों के माध्यम से भी विरोध शुरू किया है। पड़ोसी देश के इस रवैये का विरोध जताते हुए अनुराग ठाकुर ने अपना चीन दौरा रद्द कर दिया।
भारत ने ये फैसला तीन वुशु खिलाड़ियों, न्येमान वांग्सू, ओनिलु तेगा और मेपुंग लाम्गु को चीन में प्रवेश से वंचित किए जाने के बाद विरोध के प्रतीक के रूप में किया है। बता दें कि इन तीनों खिलाड़ियों के अलावा वुशू टीम के बाकी सदस्यों ने हांगकांग के लिए उड़ान भरी और वहां से चीन के हांगझोऊ पहुंचे जहां एशियन गेम्स 2023 का आयोजन हो रहा है
अनुराग ठाकुर ने चीन दौरा रद्द किया
भारतीय खिलाड़ियों के साथ चीन के इस फैसले की निंदा करते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा, भारत सरकार हमारे हितों की रक्षा के लिए उचित कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखती है।
चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को मान्यता देने से इनकार करने पर विदेश मंत्रालय के एक बयान में कहा, ''भारत अधिवास के आधार पर भारतीय नागरिकों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार को खारिज करता है। चीन की कार्रवाई एशियाई खेलों की भावना, उनके आचरण को नियंत्रित करने वाले नियमों का उल्लंघन करती है।''
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी बोला हमला
वहीं चीन वाली विस्तारवादी नीति पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि चीन कुछ भी हरकतें कर लें, अरुणाचल भारत का ही हिस्सा रहेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "चीन द्वारा अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ियों को एशियाई खेल के लिए वीजा ना देने की घटना की निंदा करता हूं। चीन के इस तरह की हरकतों से अरुणाचल प्रदेश की स्थिति बदलने वाली नहीं है। अरुणाचल भारत का हिस्सा रहा है और हमेशा रहेगा... हम इसका कड़ा विरोध करते हैं और वक्त आने पर भारत इसका जवाब देगा।"
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 22 September 2023 at 22:37 IST