UP: 'खान चाचा' को चाहिए CM की कुर्सी, अखिलेश जी दिल पर पत्थर रख कर दीजिए ऐलान... सपा चीफ-आजम की मुलाकात के बाद राजभर ने चढ़ाया सियासी पारा
राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार आने वाली नहीं है। उन्होंने अखिलेश को सलाह दी कि उन्हें दिल पर पत्थर रखकर घोषणा करनी चाहिए कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
- भारत
- 2 min read
उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा महासचिव आजम खां को लेकर एक ऐसा दावा कर दिया है जिसने प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक दिन पहले गुरुवार को ही आजम खां से जेल में जाकर मुलाकात की थी। इसी मुलाकात को लेकर राजभर ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत नाकाम हो गई है और आजम खां ने अपनी नई शर्तें रख दी है।
आजम खां को गृह मंत्री नहीं मुख्यमंत्री का पद चाहिए। शिवपाल यादव ने कुछ समय पहले ऐलान किया था कि सपा की सरकार बनने पर आजम खां को गृहमंत्री बनाया जाएगा। ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि 'चचा' (आजम खान) से मुलाकात कैसी रही? राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि आजम खान साइकिल छोड़कर पतंग उड़ाने की तैयारी कर रहे हैं।
बता दें कि पतंग, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) का चुनावी चिन्ह है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के 'खयाली गृह मंत्री' ने उनसे सीधे कह दिया है कि अगर पार्टी में रोकना है तो उन्हें गृह मंत्री नहीं, मुख्यमंत्री की कुर्सी चाहिए।
सपा की सरकार बनने पर मुस्लिम मुख्यमंत्री बनाने की सलाह
राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार आने वाली नहीं है। उन्होंने अखिलेश को सलाह दी कि उन्हें दिल पर पत्थर रखकर घोषणा करनी चाहिए कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
अखिलेश बलिदान देने का हौसला दिखाएं
अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए राजभर ने दावा किया कि आजम खां ने सपा प्रमुख से साफ-साफ कह दिया है कि अगर उन्हें पार्टी में बनाए रखना है, तो उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी देनी चाहिए। राजभर ने चुटकी लेते हुए कहा कि यूपी के मुसलमानों ने कई बार सैफई परिवार को मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाया है। अब आजम खां चाहते हैं कि अखिलेश यादव खुद थोड़ा 'बलिदान' देने का हौसला दिखाएं।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 23 October 2026 at 15:56 IST