इडुक्की हत्या: कारोबारी विवाद ने लिया घातक रूप, 2 और गिरफ्तार
केरल के इडुक्की जिले में 50 वर्षीय एक व्यवसायी की हत्या के मामले में दो और व्यक्तियों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
- भारत
- 2 min read
केरल के इडुक्की जिले में 50 वर्षीय एक व्यवसायी की हत्या के मामले में दो और व्यक्तियों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि यह व्यवसायी बृहस्पतिवार से लापता था और बाद में कलायंथानी में एक ‘कैटरिंग’ गोदाम में उसका शव मिला था। पुलिस के मुताबिक थोडुपुझा के चुंगम में व्यवसायी बिजू जोसेफ बहस्पतिवार सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे और लापता हो गये थे। उनके परिवार ने अगले दिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि..
जांच में खुलासा हुआ कि उन्हें अगवा कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि हत्या के इस मामले में सबसे पहले जोसेफ के पूर्व व्यवसायिक साझेदार 50 वर्षीय जोमन को गिरफ्तार किया गया। दोनों संयुक्त रूप से व्यवसाय में शामिल थे, लेकिन जोसेफ ने कथित तौर पर बार-बार अनुरोध के बावजूद जोमन का हिस्सा देने से इनकार कर दिया था।
जोमन पर कोच्चि के तीन सदस्यीय गिरोह को व्यवसायी जोसेफ की हत्या के लिए सुपारी देने का संदेह है। पुलिस ने बताया कि पहले ही हिरासत में ले लिए गए एर्नाकुलम निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद असलम और कन्नूर निवासी 25 वर्षीय जोमिन कुरियन की अब औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज कर ली गई है। इस मामले में अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
इसके अलावा, पुलिस चौथे आरोपी एर्नाकुलम निवासी आशिक जॉनसन की गिरफ्तारी भी दर्ज करेगी जो फिलहाल केरल समाज-विरोधी गतिविधि (निवारण) अधिनियम के तहत न्यायिक हिरासत में है। पुलिस के अनुसार कई दिनों तक नजर रखने के बाद जोसेफ को बृहस्पतिवार सुबह उनके घर के पास से जबरन उठा लिया गया था। अपहरण के समय वाहन में नोकझोंक के दौरान जोसेफ के सिर में गंभीर चोट लगी और आंतरिक रक्तस्राव हुआ। इसके बाद उनका शव जोमन के गोदाम में स्थित ‘मैनहोल’ में फेंक दिया गया और कचरे से ढक दिया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से ‘पेपर स्प्रे’ और एक जोड़ी चप्पल बरामद की है। शव को दफनाने में इस्तेमाल किए गए औजार भी गोदाम से मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद जोसेफ का शव उनके परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Garima Garg
पब्लिश्ड 23 March 2025 at 18:15 IST