Hyderabad: प्राणी उद्यान में शेरनी ने हमला कर देखभाल कर्मी को किया घायल
यह घटना सोमवार को हुई। सहायक देखभाल कर्मी बाड़े की सफाई कर रहा था, तभी आठ वर्षीय शेरनी वहां से बाहर निकल गई। बाड़े में शेरनी का उपचार किया जा रहा था।
- भारत
- 2 min read
हैदराबाद के नेहरू जूलॉजिकल पार्क में एक शेरनी ने जानवरों के एक सहायक देखभाल कर्मी पर हमला कर उसे घायल कर दिया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह घटना सोमवार को हुई। सहायक देखभाल कर्मी बाड़े की सफाई कर रहा था, तभी आठ वर्षीय शेरनी वहां से बाहर निकल गई। बाड़े में शेरनी का उपचार किया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि…
अधिकारियों ने बताया कि देखभाल कर्मी ने बाड़े का द्वार बंद करते समय लापरवाही बरती, जिस कारण शेरनी वहां से बाहर निकल गई। प्राणी उद्यान द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक, बाड़ों के बीच का द्वार ठीक से बंद नहीं था और देखभाल कर्मी सफाई करने के लिए दूसरे बाड़े में चला गया, जिसके बाद शेरनी अपने बाड़े से बाहर निकली और देखभाल कर्मी पर हमला कर उसे घायल कर दिया।
विज्ञप्ति के मुताबिक, इसके बाद देखभाल कर्मी जान बचा कर वहां से भागा और अन्य कर्मियों को सचेत किया। मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार, प्राणी उद्यान हर सोमवार को लोगों के लिए बंद रहता है इसलिए मुख्य द्वार बंद था।
विज्ञप्ति के मुताबिक, सुरक्षा कर्मियों और पशु चिकित्सा दल को सूचित किया गया। विज्ञप्ति के मुताबिक, पशु चिकित्सा दल ने शेरनी को नशीली दवा के इंजेक्शन के जरिये बेहोश कर दिया और उसे वापस बाड़े में ले गए। प्राणी उद्यान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सहायक देखभाल कर्मी को इलाज के लिए तुरंत सरकारी उस्मानिया अस्पताल ले जाया गया और फिर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Garima Garg
पब्लिश्ड 9 July 2024 at 22:27 IST