अपडेटेड 14 March 2025 at 15:57 IST

Holi: हरियाणा और पंजाब में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है होली का पर्व

हरियाणा और पंजाब में शुक्रवार को होली का पर्व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

Follow :  
×

Share


होला मोहल्ला’ उत्सव के लिए सिख श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ | Image: Pexels

हरियाणा और पंजाब में शुक्रवार को होली का पर्व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान लोगों ने एक दूसरे के चेहरे पर गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर लोगों ने मित्रों तथा रिश्तेदारों को मिठाइयां बांटी और बच्चों ने पानी से भरे रंग-बिरंगे गुब्बारों से होली खेली।

कुछ लोग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सड़कों पर घूम रहे थे जबकि अन्य लोग संगीत पर नृत्य करते नजर आए। पुलिस ने दोनों राज्यों और उनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए।

होला मोहल्ला’ उत्सव के लिए सिख श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़

पंजाब के आनंदपुर साहिब में ‘होला मोहल्ला’ उत्सव के लिए सिख श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ रही। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं।

कटारिया ने कहा, ‘‘रंगों के पावन पर्व होली पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह त्योहार प्रेम, एकता और सद्भाव का संदेश देता है।’’ पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मुझे उम्मीद है कि यह त्योहार आपके जीवन में खुशियों के रंग लाएगा। आपसी प्रेम और भाईचारा हमेशा बना रहे।’’

हरियाणा के राज्यपाल दत्तात्रेय ने लोगों से रंगों के त्योहार को ‘प्रेम, स्नेह, उत्साह और उमंग’ के साथ मनाने का आग्रह किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। होली की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार शाम हरियाणा राजभवन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था।

ये भी पढ़ें - Aaj Ka Rashifal: आज होली पर कैसा रहेगा मेष से मीन तक, सभी 12 राशियों का

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Garima Garg

पब्लिश्ड 14 March 2025 at 15:57 IST