बर्फ से ढकी सड़क, खतरनाक मोड़ और रात का वक्त...चंबा की गहरी खाई में जा गिरी एर्टिगा कार; 8 लोगों की मौत; अभी तक नहीं मिली किसी की लाश
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के सात पर्यटकों समेत आठ लोगों की मौत हो गई है।
- भारत
- 2 min read
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां एक सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के सात पर्यटकों समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। हादसा चुराह उपमंडल में बैरागढ़-साच पास-किलाड़ सड़क पर 29 मई की आधी रात को हुआ, जब पर्यटकों को लेकर जा रही एक एर्टिगा कार गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना के बाद से सभी लोग लापता हैं और इनके बचने की उम्मीद न के बराबर है। पुलिस और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे खोज अभियान के बीच यह साफ हो गया है कि कार में सवार किसी के भी बचने की संभावना नहीं है।
एक एजेंसी के मुताबिक यह हादसा उस समय हुआ जब वाहन बर्फ से ढके दुर्गम सच पास की ओर जा रहा था। यह इलाका अपने खतरनाक मोड़ों, संकरी सड़कों और भारी बर्फबारी के कारण पहले से ही जोखिम भरा माना जाता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रात के समय दृश्यता बेहद कम थी और सड़क पर फिसलन भी अधिक थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
घटना के बाद शुक्रवार रात तक किसी को भी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। स्थानीय लोगों और प्रशासन को इस हादसे का पता शनिवार दोपहर को चला, जब रास्ते से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन के अवशेष देखे और तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 31 May 2026 at 10:07 IST