हरियाणा : भाखड़ा नहर में वाहन गिरने से नौ लोगों की मौत, तीन लापता

हरियाणा के फतेहाबाद जिले में एक वाहन के भाखड़ा नहर में गिर जाने से पांच महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य अब भी लापता हैं।

Follow :  
×

Share


नहर में गिरा वाहन | Image: ANI / File photo

हरियाणा के फतेहाबाद जिले में एक वाहन के भाखड़ा नहर में गिर जाने से पांच महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य अब भी लापता हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय वाहन में 14 लोग सवार थे और एक व्यक्ति और 11 वर्षीय एक लड़के को बचा लिया गया है। उसने बताया कि बचाव अभियान जारी है।

पुलिस ने बताया कि घटना शुक्रवार रात रतिया के सरदारेवाला गांव में संभवत: घने कोहरे की वजह से हुई। पुलिस के मुताबिक वाहन में सवार अधिकतर यात्री महमारा गांव के निवासी थे और पंजाब के फाजिल्का जिले के एक गांव में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि जब वाहन सरदारेवाला गांव के पास पहुंचा तो घने कोहरे के कारण चालक ने उसपर से नियंत्रण खो दिया और वाहन भाखड़ा नहर में जा गिरा। पुलिस उपाधीक्षक (रतिया) संजय कुमार ने बताया कि अब तक नौ शव बरामद कर लिए गए हैं तथा तीन अन्य लापता यात्रियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

अधिकारी ने बताया कि मृतकों में पांच महिलाएं और 11 वर्षीय एक लड़की शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि नहर का जलस्तर कम हो गया है तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल(एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और गोताखोर बचाव अभियान चला रहे हैं।

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 1 February 2025 at 23:06 IST