Tamil Nadu: 2 दिन, 2 मुलाकातें... थलापति विजय को राज्यपाल ने फिर खाली हाथ लौटाया, बंपर जीत के बाद भी CM बनने में कहां फंस रहा पेंच?

Tamil Nadu Govt Formation TVK Chief Vijay News: तमिलनाडु में सरकार की तस्वीर साफ नहीं हो रही है। TVK अकेले अपने दम पर 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी तो बन गई, लेकिन विजय अब तक बहुमत नहीं जुटा पाए हैं।

Follow :  
×

Share


थलापति विजय फिर गर्वनर से मिले | Image: X

Tamil Nadu news: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में थलापति विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने सबसे बड़ी पार्टी बनकर कमाल तो कर लिया है, लेकिन सरकार को लेकर पेंच अब भी फंस रहा है। उनके लिए बहुमत साबित करना मुश्किल हो रहा है। आज (7 मई) को थलापति विजय ने लगातार दूसरे दिन राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की। गर्वनर ने उन्हें सरकार बनाने के लिए बहुमत वाला नंबर लाने को कह दिया।

दरअसल, 234 सीटों वाली विधानसभा में विजय की पार्टी TVK ने अकेले 108 सीटों पर जीत हासिल की, लेकिन सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की जरूरत है। इसको लेकर ही पेंच अभी फंसा हुआ है। पूरी तस्वीर साफ नहीं हो पा रही है।

दूसरी बार राज्यपाल से मिलने पहुंचे विजय

इस बीच, गुरुवार थलापति विजय ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल अर्लेकर से मुलाकात की। इस बार भी विजय को खाली हाथ लौटना पड़ा। उनकी गवर्नर से मुलाकात पर बात नहीं बन पाई। राज्यपाल नंबरों से संतुष्ट नहीं हैं और विजय को पहले बहुमत वाला नंबर दिखाने को कहा है।

राज्यपाल ने विजय से पूछे ये सवाल

सूत्रों के अनुसार मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने उनसे कई सवाल पूछे। गर्वनर ने विजय से सवाल किया, “आप 113 विधायकों के साथ सरकार कैसे बनाएंगे? TVK सरकार को कौन सी अन्य पार्टी समर्थन देगी? क्या 113 विधायकों के साथ एक स्थिर सरकार का गठन किया जा सकता है? आप यह आश्वासन कैसे दे सकते हैं कि शपथ लेने के बाद आप बहुमत साबित कर देंगे?"

इससे पहले बुधवार (6 मई) को भी विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करते हुए राज्यपाल आर्लेकर से मुलाकात की। उन्होंने उनको समर्थन देने वाले TVK और कांग्रेस विधायकों की लिस्ट सौंपी गई थी। हालांकि तब भी यह आंकड़ा 113 तक ही पहुंचता है और यह बहुमत के आंकड़े से पांच कम है। ऐसे में अब तक राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने के संबंध में कोई फैसला नहीं लिया है।

TVK ने क्या कहा?  

सूत्रों के मुताबिक, TVK ने इस पर कानूनी सलाह ली है और राज्यपाल से सरकार बनाने के अनुरोध पर फिर से विचार करने को कहा है। राज्यपाल ने इस पर विचार करने की बात कही है। TVK ने यह भी कहा है कि पहले भी बिना बहुमत के सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने का मौका मिला है।

तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK को 108 सीटों पर जीत मिली हैं। वहीं, DMK को 73 और AIADMK को 53 सीटें मिली हैं। संख्याबल पूरा करने के लिए विजय को कांग्रेस के अलावा और किसी भी पार्टी के समर्थन की जरूरत होगी। देखना होगा कि TVK किसी और दल का समर्थन हासिल कर पाती है या नहीं?

यह भी पढ़ें: 'भारत कुछ भूलता नहीं, कभी माफ नहीं करता', ऑपरेशन सिंदूर के एक साल पूरा होने पर सेना का कड़ा मैसेज, जारी किया टीजर VIDEO

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 7 May 2026 at 14:44 IST