Aadhaar Card को लेकर फैली अफवाह पर सरकार ने दी सफाई, QR Code Only फॉर्मेट की खबर निकली गलत, जानें पूरा मामला
UIDAI Aadhaar Card: UIDAI ने बड़ा स्पष्टीकरण देते हुए साफ कहा है कि आधार कार्ड को सिर्फ फोटो और QR कोड वाले नए डिजाइन में बदलने की कोई योजना नहीं है।
UIDAI: देशभर में आधार कार्ड के फॉर्मेट बदलने को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच केंद्र सरकार और Unique Identification Authority of India (UIDAI) ने बड़ा स्पष्टीकरण जारी किया है। सरकार ने साफ कहा है कि आधार कार्ड को सिर्फ फोटो और QR कोड वाले नए डिजाइन में बदलने की कोई योजना नहीं है।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि 2026 के अंत तक आधार कार्ड का पूरा फॉर्मेट बदल दिया जाएगा। वायरल पोस्ट्स में कहा गया था कि नए आधार कार्ड में नाम, पता और अन्य डेमोग्राफिक जानकारी हटाकर केवल फोटो और QR कोड रखा जाएगा।
हालांकि इलेक्ट्रॉनिक्स और IT मंत्रालय ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया है। सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि ऐसी खबरें लोगों के बीच भ्रम पैदा कर रही हैं और फिलहाल आधार कार्ड के मौजूदा डिजाइन में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा रहा है।
क्या कहा सरकार ने?
सरकार ने स्पष्ट किया कि UIDAI ने न तो किसी नए “QR Code Only” आधार कार्ड प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है और न ही ऐसी किसी प्रक्रिया पर काम शुरू हुआ है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर फैल रही अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें। आधार से जुड़ी हर आधिकारिक जानकारी केवल सरकारी प्लेटफॉर्म और अधिकृत चैनलों के जरिए ही जारी की जाती है।
मौजूदा आधार कार्ड ही रहेगा मान्य
UIDAI ने कहा कि वर्तमान आधार कार्ड में मौजूद डेमोग्राफिक जानकारी और सिक्योर QR कोड दोनों ही जरूरी हैं। यह फॉर्मेट देशभर में ऑफलाइन पहचान सत्यापन के लिए काफी अहम माना जाता है। हालांकि mAadhaar और e-Aadhaar जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में लगातार नए सिक्योरिटी फीचर्स जोड़े जा रहे हैं, लेकिन फिजिकल आधार कार्ड के मूल डिजाइन में बदलाव की फिलहाल कोई योजना नहीं है।
लोगों को क्या सलाह दी गई?
सरकार ने नागरिकों से कहा है कि आधार से जुड़ी किसी भी अपडेट के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। जानकारी के लिए लोग- UIDAI Official Website, PIB Official Website या UIDAI के वेरिफाइड सोशल मीडिया हैंडल्स और प्रेस रिलीज को ही फॉलो करें।
क्यों फैली थी अफवाह?
वायरल रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सरकार प्राइवेसी और डिजिटल इंटीग्रेशन को मजबूत करने के लिए आधार कार्ड को मिनिमल डिजाइन में बदलने जा रही है। कहा जा रहा था कि कार्ड पर सिर्फ फोटो और QR कोड होगा। लेकिन, अब सरकार ने साफ कर दिया है कि यह दावा पूरी तरह भ्रामक है और मौजूदा आधार कार्ड पहले की तरह ही जारी रहेगा।
पब्लिश्ड 12 May 2026 at 12:53 IST