कार-बाइक मालिकों के लिए खुशखबरी... अब हर साल नहीं, 3 साल में एक बार कराना होगा BS-VI वाहनों का PUC; नया नियम लागू
सरकार ने वाहन मालिकों को बड़ी राहत देते हुए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) से जुड़े नियमों में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। नए प्रावधान के तहत, छह साल से कम पुराने बीएस-6 (BS-6) मानक वाले निजी वाहनों के लिए अब पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता बढ़ाकर तीन साल कर दी गई है।
- भारत
- 2 min read
वाहन प्रदूषण पर लगाम कसने और प्रक्रिया को अधिक व्यावहारिक बनाने के लिए सरकार ने पॉल्युशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने 13 नवंबर को सेंट्रल मोटर व्हीकल्स नियम, 2026 के तहत संशोधित नियम अधिसूचित किए हैं, जो मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के अंतर्गत आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ लागू हो चुके हैं। इस नई व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ छह साल से कम पुराने BS-6 निजी वाहन मालिकों को मिलेगा, जिनका PUC सर्टिफिकेट अब तीन साल तक मान्य रहेगा।
BS-6 निजी और कमर्शियल वाहनों के लिए नई अवधि
नए नियमों में वाहन की श्रेणी, उत्सर्जन मानक और उम्र के आधार पर वैधता तय की गई है।
BS-6 निजी वाहन- छह साल से कम पुराने वाहनों को 3 साल की वैलिडिटी मिलेगी। 6 से 10 साल पुराने वाहनों के लिए यह अवधि 1 साल और 10 साल से अधिक पुराने वाहनों के लिए 6 महीने निर्धारित की गई है।
BS-6 कमर्शियल (परिवहन) वाहन- छह साल तक पुराने वाहनों को हर 2 साल में PUC रिन्यू कराना होगा। 6 से 10 साल पुराने वाहनों के लिए वैधता 1 साल और 10 साल से अधिक पुराने वाहनों के लिए 6 महीने तय की गई है।
पुराने उत्सर्जन मानक वाले वाहनों के नियम
BS-6 के अलावा पुराने मानकों वाले वाहनों के लिए सख्त समय-सीमा बरकरार रखी गई है। BS-1, BS-2 और BS-3 मानक वाले वाहनों का PUC सर्टिफिकेट केवल 3 महीने तक वैध रहेगा, जिससे मालिकों को साल में चार बार तक रिन्यूअल कराना पड़ सकता है। वहीं, BS-4 वाहनों के लिए वैधता 6 महीने तय की गई है, यानी इन्हें साल में दो बार सर्टिफिकेट बनवाना होगा।
रिन्यूअल की तारीख और पुराने सर्टिफिकेट पर असर
यदि वाहन मालिक मौजूदा सर्टिफिकेट खत्म होने से 10 दिन पहले के भीतर रिन्यूअल कराते हैं, तो नया सर्टिफिकेट पुराने की एक्सपायरी डेट से ही प्रभावी माना जाएगा, जिससे वैधता में कोई अंतर नहीं आएगा। इसके विपरीत, समाप्ति के बाद रिन्यू कराने पर नई वैधता जारी होने की तारीख से शुरू होगी।
जिन वाहनों के पास पहले से जारी PUC सर्टिफिकेट हैं, उन पर यह नियम तुरंत लागू नहीं होगा; नए नियम लागू होने के बाद पहली बार रिन्यूअल कराने पर नई वैधता लागू होगी। कुल मिलाकर, कम उम्र के BS-6 निजी वाहन चालकों को बार-बार केंद्रों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी, जबकि पुराने और कमर्शियल वाहनों के मालिकों को तय समय पर रिन्यूअल कराना होगा।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 19 November 2026 at 17:04 IST