'कांग्रेस सोनम वांगचुक को मरवा देती, राहुल-केजरीवाल को छात्रों से मतलब नहीं', गिरिराज सिंह का बड़ा आरोप
गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि यह लोग एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को मरवाना चाहते थे। इन्हें वांगचुक और छात्रों से मतलब नहीं है, इनका एकमात्र मतलब अपनी राजनीति चमकाना है।
- भारत
- 3 min read
Giriraj Singh: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्षी नेताओं पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव चाहते थे कि सोनम वांगचुक उनके झांसे में आएं और अपनी जान दे दें। गिरिराज सिंह ने कहा कि यह सभी असल में वांगचुक को मरवाना चाहते थे।
गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'ये लोग संवेदनहीन हैं और इन्हें समस्या का कोई समाधान नहीं चाहिए। ये सिर्फ मासूम बच्चों के कंधों पर बंदूक रखकर अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं। कांग्रेस ने दो दिन पहले ही कुछ छात्रों की आड़ में सरेआम गुंडागर्दी की है। छात्र कभी ऐसी हरकतें नहीं करते, जल्द ही यह साफ हो जाएगा कि इसके पीछे कौन हैं।'
विपक्ष राजनीतिक रोटियां सेंक रहा- गिरिराज
उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, 'जब पहली बार छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे थे और उसके बाद देश में लीक-प्रूफ परीक्षा आयोजित की गई, तब राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और अखिलेश यादव कहां थे? ये लोग चाहते थे कि सोनम वांगचुक इनके बहकावे में आकर अपनी जान दे दें। रणनीति साफ थी-जान वांगचुक दें और उस पर राजनीतिक रोटियां राहुल, केजरीवाल और अखिलेश सेकें। सच तो यह है कि ये लोग वांगचुक को मरवाना चाहते थे। इन्हें मतलब नहीं है कि वांगचुक मर जाएं या बच्चों पर गोलियां चल जाएं। राहुल गांधी, केजरीवाल और अखिलेश अपनी राजनीति चमकाने में लगे हैं।'
'राहुल-केजरीवाल को छात्रों से मतलब नहीं'
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि ये लोग सिर्फ इसलिए सड़कों पर खून की नदियां बहाना चाहते हैं ताकि उस पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक सकें। पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दामन पर एक भी दाग नहीं लगा है और ये लोग चाहकर भी कोई दाग लगा नहीं पाएंगे। राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल को छात्रों से कोई मतलब नहीं है, उनका मकसद देश में अराजकता फैलाना है। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों के हित के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं।
पीएम मोदी के संबोधन पर क्या बोले?
गिरिराज सिंह ने पीएम मोदी के देर रात संबोधन पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘जब पहली बार पेपर लीक के बाद बच्चे सड़कों पर उतरे थे तब प्रधानमंत्री ने बच्चों को लीक प्रूफ एग्जाम का भरोसा दिया था। इसके बाद लीक प्रूफ एग्जाम हुआ और रिजल्ट भी आया। नतीजन, अब बच्चे एडमिशन की तैयारी कर रहे हैं। नीट की दोबारा आयोजित परीक्षा में 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए। तब राहुल गांधी कहां थे? विदेश घूम रहे थे। राहुल गांधी और केजरीवाल छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं।’
वह कहते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने कल फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की बात कही। देर रात उन्होंने बच्चों को संबोधित किया और कड़े कानून की बात भी बोली। पीएम मोदी ने इसी सत्र में आज से लेकर अगले हफ्ते (सोमवार) तक विभागों के प्रस्ताव पर चर्चा होगी और सुझाव के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। बिल को जल्द से जल्द सदन में पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 24 July 2026 at 11:28 IST