अपडेटेड 28 December 2023 at 12:10 IST
कोरोना ने ली एक और जान, एक्टर और DMDK पार्टी के चीफ विजयकांत की मौत; सांस लेने में हो रही थी दिक्कत
दक्षिण सिनेमा के जाने माने एक्टर और DMDK पार्टी के चीफ विजयकांत का गुरुवार को निधन हो गया। वो बीते दिनों कोराना पॉजिटिव (Covid Positive) पाए गए थे।
दक्षिण सिनेमा के जाने माने एक्टर और DMDK पार्टी के चीफ विजयकांत का गुरुवार को निधन हो गया। वो बीते दिनों कोराना पॉजिटिव (Covid Positive) पाए गए थे। उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। जिसके बाद उन्हें चेन्नई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। न्यूज एजेंसी PTI ने अस्पताल सूत्रों के हवाले से उनके निधन की जानकारी दी है।
खबर में आगे पढ़ें:
- DMDK पार्टी के चीफ विजयकांत का कैसे हुआ निधन
- किस अस्पताल में विजयकांत ने ली आखिरी सांस
- DMDK पार्टी की कमान किसके हाथ?
DMDK चीफ विजयकांत का निधन
अभिनेता और DMDK प्रमुख कैप्टन विजयकांत का तमिलनाडु के चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया। विजयकांत कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। गुरुवार की सुबह उन्होंंने आखिरी सांस ली।
किस अस्पताल में विजयकांत ने ली आखिरी सांस
‘मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ ऑर्थोपेडिक्स एंड ट्रॉमेटोलॉजी (MIOT) इंटरनेशनल’ ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा,‘‘विजयकांत को निमोनिया के इलाज के लिए भर्ती कराया गया था इसके बाद से वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद 28 दिसंबर 2023 की सुबह उनका निधन हो गया।’’ उनके निधन के बाद हॉस्पिटल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
विजयकांत के आवास पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
DMDK प्रमुख कैप्टन विजयकांत के निधन की खबर मिलते ही उनके आवास के बाहर प्रशंसकों की भीड़ उमड़ने लगी। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम विजयकांत के आवास पहुंचे और उनके परिवार को ढ़ाढस बंधाया। उनकी निधन पर पूरे प्रदेश में शोक की लहर फैल गई है।
साल 2005 में किया था DMDK का गठन
देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कषगम (DMDK) के संस्थापक और गुजरे जमाने के लोकप्रिय तमिल अभिनेता विजयकांत ने चेन्नई के हॉस्पिटल MIOT में 28 दिसंबर को आखिरी सांस ली। उनकी उम्र करीब 71 वर्ष थी। उन्होंने साल 2005 में DMDK पार्टी का गठन किया था। DMDK साल 2011 से 2016 तक तमिलनाडु में मुख्य विपक्षी पार्टी थी और विजयकांत विधानसभा में विपक्ष का नेता था।
पत्नी ने संभाली पार्टी की कमान
इससे पहले पार्टी ने एक विज्ञप्ति में कहा था कि विजयकांत में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने के कारण उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। विजयकांत लंबे समय से अस्वस्थ थे और उनकी पत्नी प्रेमलता ने कुछ दिन पहले ही पार्टी की कमान संभाली है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 28 December 2023 at 09:35 IST