श्रीनगर सहित कश्मीर के कुछ हिस्सों में ताजा हिमपात

जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर सहित कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में ताजा हिमपात हुआ और श्रीनगर में तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Follow :  
×

Share


Majestic, White Wonderland: Bhaderwah Valley In J&K Covered In Snow Blanket | Watch | Image: ANI

जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रविवार को ताजा हिमपात हुआ और श्रीनगर में तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह उत्तरी कश्मीर में बांदीपोरा, बारामूला और कुपवाड़ा जिलों के कई इलाकों तथा मध्य कश्मीर में बडगाम और गांदरबल जिलों के कुछ हिस्सों में हिमपात हुआ। उन्होंने कहा कि श्रीनगर शहर और दक्षिण कश्मीर के कुछ इलाकों में देर शाम हिमपात हुआ।

ग्रीष्मकालीन राजधानी भीषण शीतलहर की चपेट में रही और रविवार को अधिकतम तापमान केवल 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पिछले 48 घंटों से तापमान दो डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। शनिवार को अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस था।

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि घाटी में रात का तापमान काफी गिर गया और दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग शहर में यह शून्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा कि श्रीनगर में तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात को शून्य से 2.2 डिग्री नीचे था।

उत्तरी कश्मीर में ‘स्कीइंग’ गतिविधियों के लिए मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से 2.2 डिग्री था।

दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कश्मीर के प्रवेश द्वार शहर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर शहर के कोनिबल में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में तापमान शून्य से 8.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह घाटी में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 5 January 2025 at 22:44 IST