हैदराबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग पर युवक की हत्या के आरोप में पांच लोग गिरफ्तार

तेलंगाना के मेडचल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपने एक रिश्तेदार की सरेआम हत्या करने के आरोप में पांच लोगों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

Follow :  
×

Share


प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: Pixabay/Representative

तेलंगाना के मेडचल में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपने एक रिश्तेदार की सरेआम हत्या करने के आरोप में पांच लोगों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित (24) शराब पीकर अपने परिवार के सदस्यों को परेशान करता था, इसलिए उसके भाई और चचेरे भाइयों ने मेडचल बस डिपो के सामने एनएच-44 पर रविवार को चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। सभी आरोपियों की उम्र 19 से 21 साल के बीच है।

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो सामने आया था।

पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि पीड़ित शराब का आदी था और वह काफी समय से अपने परिवार के लोगों को परेशान करता था। उसका छोटा भाई उसकी हरकतों से परेशान था और उसने उससे पीछा छुड़ाने की योजना बना ली थी।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित के भाई ने अपनी योजना को अंजाम देने के लिए अपने चचेरे भाइयों को बुलाया और दो चाकू लिए। इसके बाद वे सभी रविवार को पीड़ित के घर गए और उस पर चाकू से हमला कर दिया, लेकिन पीड़ित किसी तरह वहां से निकल कर राजमार्ग की ओर भागा। पीड़ित के भाई और चचेरे भाइयों ने उसका पीछा किया और चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और विशेष पुलिस दल ने सोमवार को सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा अपराध में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और हथियार (चाकू) भी जब्त कर लिया है।

 

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 17 February 2025 at 23:39 IST